Ranchi News : आज से पूरे राज्य में चलेगी लू, राजधानी का पारा 39 डिग्री पहुंचा

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट. राज्य के लगभग सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर चला गया है.

रांची. मौसम विभाग के अनुसार, 23 अप्रैल से पूरे राज्य में लू (हीट वेव) चलने की आशंका है. इसे देखते हुए लोगों को सचेत किया गया है. राज्य के लगभग सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर चला गया है. देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज समेत अन्य जिलों में भीषण लू चलाने की आशंका है. मौसम विभाग ने लू की स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य में मेदिनीनगर (डालटनगंज) का पारा सबसे अधिक 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. वहीं, जमशेदपुर व चाईबासा का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा. जबकि, राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 39 डिग्री पहुंच गया है, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है. 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना है. 26, 27 व 28 अप्रैल को कई जगहों पर हल्की बारिश व मेघ गर्जन के साथ वज्रपात हो सकते हैं. तेज हवा भी चल सकती है.

चार डिग्री तक बढ़ेगा तापमान

अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है. तेज धूप से जन जीवन प्रभावित होगा. वहीं, मौसम विभाग ने किसानों से खेतों में लगी फसलों को बचाव के उपाय करने को कहा है. फसलों की सुबह व शाम में सिंचाई करने की सलाह दी है.

मौसम विभाग की अपील

लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से बचाव के लिए अपील की है. लोगों से दिन के 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक धूप में बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के रंग के, ढीले और छिद्रयुक्त सूती कपड़े पहनने, धूप में बाहर जाते समय सुरक्षात्मक चश्मे, छाता/टोपी/जूते या चप्पल का प्रयोग करने के लिए कहा गया है. इसके अलावा यात्रा करते समय अपने साथ पानी रखने, उच्च प्रोटीन वाले भोजन से बचने व बासी भोजन नहीं खाने की सलाह दी. बुजुर्ग, बच्चे, बीमार व गर्भवती महिला को गर्मी से पूरी तरह बचने, पार्क किये गये वाहनों में बच्चों या पालतू जानवरों को नहीं छोड़ने, ओआरएस, घर में बने पेय जैसे लस्सी, तोरानी (चावल का पानी), नींबू पानी, छाछ आदि का उपयोग करने, जानवरों को छाया में रखने, अपने घर को ठंडा रखने व बार-बार ठंडे पानी से स्नान करने की सलाह दी गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajiv kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >