अनगड़ा(रांची). प्रखंड क्षेत्र में सुहागिन महिलाओं ने पूरी श्रद्धा, भक्ति और निष्ठा के साथ हरितालिका तीज का पावन व्रत मनाया. अपने पति की लंबी उम्र और परिवार की समृद्धि की कामना को लेकर महिलाओं ने 24 घंटे का कठिन निर्जला उपवास रखा. प्रखंड के विभिन्न गांवों में तीज व्रत को लेकर पूजा की धूम रही.
16 श्रृंगार कर महिलाओं ने की पूजा-अर्चना
तीज पर्व को लेकर क्षेत्र के मंदिरों और घरों में सुबह से ही विशेष उत्साह देखा गया. सुहागिनों ने नए वस्त्र धारण कर और 16 श्रृंगार कर विधि-विधान से भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की.
विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने समूह में बैठकर पुरोहितों से तीज व्रत की कथा सुनी और आरती उतारी. गोंदलीपोखर की रहने वाली राधा देवी ने बताया कि इस साल उन्होंने खास तौर पर भगवान शिव से परिवार के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.
इन गांवों में रही पूजा की धूम
प्रखंड के अनगड़ा, गोंदलीपोखर, जोन्हा, चतरा, हेसल, गेतलसूद, सिकिदिरी, चिलदाग, साल्हन और बेड़वारी सहित तमाम ग्रामीण इलाकों में हरितालिका तीज की पूजा बड़े ही धूमधाम से हुई. मंदिरों और पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय रहा.
ये भी पढ़ें: Hindi Diwas: 100 से अधिक देशों में बोली-समझी जाती है हिंदी; डिजिटल दुनिया में भी बढ़ा दबदबा
