रांची (प्रमुख संवाददाता). झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में सोमवार को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि सरकार पुरानी पेंशन को लेकर आवेदन नहीं करने वाले कर्मियों को एक और मौका देगी. सरकार निष्पक्षता से कार्य कर रही है. पुरानी पेंशन के लिए आवेदन करने से वंचित रह गये कर्मियों के लिए समयावधि बढ़ायी जायेगी, ताकि वे इस का लाभ ले सकें. विधायक कुमार जयमंगल की ओर से ध्यानाकर्षण सूचना के तहत उठाये सवाल पर वित्त मंत्री ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुरानी पेंशन को लेकर लगभग 2300 आवेदन स्वीकृत किये गये हैं. लगभग 8200 आवेदन में त्रुटियां है. अब तक पुरानी पेंशन के तहत संबंधित कर्मियों के खाते में लगभग 30 करोड़ रुपये दिये गये हैं. वहीं सरकार के खाते में लगभग 31 करोड़ रुपये हैं. विधायक ने दिसंबर 2004 को या इसके बाद योगदान करने वाले सरकारी सेवक को राष्ट्रीय पेंशन स्कीम के तहत पीआरएएन में कटौती की गयी जमा राशि को संबंधित कर्मियों के मान्य भविष्य निधि खाता में वापस नहीं की गयी है. कहा कि नेशनल पेंशन स्कीम के तहत कर्मियों के पीआरएएन में सरकार द्वारा की गयी अंशदान की जमा राशि को एनएसडीएल से वापस लाने पर कर्मियों को लाभ के साथ राज्य सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
