राज्यपाल ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव के लिए झारखंड से चयनित युवाओं से किया संवाद, ऐसे बढ़ाया हौसला

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ‘28वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025’ के लिए झारखंड से चयनित प्रतिभागियों से संवाद किया. उन्होंने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अपनी कला और ज्ञान से राज्य और देश का नाम रोशन करें.

रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को राजभवन में ‘28वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025’ के लिए झारखंड से चयनित प्रतिभागियों से संवाद किया. उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह महोत्सव न केवल युवाओं के कौशल और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर है, बल्कि भारत की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी उजागर करता है. राज्यपाल ’28वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025’ के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. नई दिल्ली के भारत मंडपम में 10 से 12 जनवरी तक राष्ट्रीय युवा महोत्सव आयोजित है.

युवाओं को राज्यपाल ने किया प्रेरित


राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आप सभी अपनी कला, ज्ञान और कौशल को प्रस्तुत कर अपने झारखंड राज्य और देश का नाम रोशन करें. अपनी प्रतिभा से विशिष्ट पहचान स्थापित करें एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें. उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए युवाओं से स्टार्टअप से संबंधित विचार साझा किए. राज्यपाल ने युवाओं को प्रेरित किया कि वे रचनात्मक सोच और समाधान आधारित दृष्टिकोण अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं.

प्रतिभागियों को बेहतर पीपीटी प्रस्तुति के मिले टिप्स


राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने प्रतिभागियों को बेहतर पीपीटी प्रस्तुति के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए. उन्होंने कहा कि प्रस्तुति ऐसी हो जो श्रोताओं में उत्सुकता जगाए और उसमें समाधान प्रस्तुत करने की स्पष्टता हो. कार्यक्रम में युवाओं द्वारा 1. Making India Start Up Capital of the World 2. Tech for Viksit Bharat 3. Empowering Women and Improving Social Indicators एवं 4. Enhancing Productivity in Agriculture विषयों पर पीपीटी प्रस्तुति दी गयी.

मौके पर ये थे उपस्थित


झारखंड राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशक संदीप कुमार, नेहरू युवा केंद्र संगठन की राज्य निदेशक ललिता कुमारी एवं युवा प्रतिभागी उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें: मंत्री जी, पापा को कैंसर है, बेहतर इलाज करा दीजिए, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से युवती की गुहार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >