बिशप मार्शल केरकेट्टा के हाथ में फिर 'गोस्सनर चर्च' की कमान: सेंट्रल काउंसिल की बैठक में हुआ फैसला

GEL Church Moderator: रांची के ऐतिहासिक गोस्सनर इवेंजिलिकल चर्च (GEL) में मंगलवार को मॉडरेटर पद के लिए हुए चुनाव में बिशप मार्शल केरकेट्टा ने शानदार जीत दर्ज की है. वह लगातार दूसरी बार इस सर्वोच्च पद की जिम्मेदारी संभालेंगे. सेंट्रल काउंसिल के 44 सदस्यों ने 6 कद्दावर बिशप उम्मीदवारों के बीच अपने मताधिकार का प्रयोग किया. बुधवार सुबह 7 बजे मेन रोड स्थित क्राइस्ट चर्च में भव्य पद ग्रहण समारोह आयोजित होगा. पढ़ें, इस चुनाव के पीछे की पूरी कहानी और चर्च के भविष्य का रोडमैप.

GEL Church Moderator, रांची (प्रवीण मुंडा की रिपोर्ट): झारखंड और असम के प्रतिष्ठित धार्मिक संस्थानों में से एक, गोस्सनर इवेंजिलिकल चर्च छोटानागपुर एंड असम (जीइएल चर्च) को अपना नया नेतृत्व मिल गया है. मंगलवार को रांची के गोस्सनर कंपाउंड स्थित एचआरडीसी (HRDC) सभागार में आयोजित सेंट्रल काउंसिल की बेहद महत्वपूर्ण बैठक के दौरान चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई. इस चुनाव में बिशप मार्शल केरकेट्टा ने एक बार फिर बाजी मारी और उन्हें लगातार दूसरी बार जीइएल चर्च के ‘मॉडरेटर’ के पद पर चुन लिया गया. खबर लिखे जाने तक डिप्टी मॉडरेटर के पद के लिए वोटों की गिनती और चुनावी प्रक्रिया जारी थी, जिसे लेकर चर्च के सदस्यों के बीच भारी उत्सुकता देखी गई.

छह दिग्गज उम्मीदवारों के बीच था कड़ा मुकाबला

जीइएल चर्च के इस लोकतांत्रिक चुनाव में चर्च के छह अनुभवी बिशप उम्मीदवार के रूप में मैदान में थे. इनमें निवर्तमान मॉडरेटर बिशप मार्शल केरकेट्टा के अलावा, पूर्व डिप्टी मॉडरेटर बिशप मुरेल बिलुंग, बिशप सीमांत तिर्की, बिशप मोहन लाल सिंह मंजर, बिशप दीपक केरकेट्टा और बिशप पावेल लुगुन शामिल थे. चुनावी मैदान में इन कद्दावर नामों की मौजूदगी ने मुकाबले को काफी दिलचस्प बना दिया था. मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सेंट्रल काउंसिल के कुल 44 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

Also Read: लातेहार में मेन रोड पर लगातार जाम से लोग परेशान, गर्मी में झेलनी पड़ रही दिक्कतें

महासचिव ने की परिणामों की घोषणा

वोटों की गिनती पूरी होने के बाद जीइएल चर्च के महासचिव ईश्वर दत्त कंडुलना ने आधिकारिक तौर पर परिणामों की घोषणा की. बिशप मार्शल केरकेट्टा के नाम की घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. चर्च के पदाधिकारियों और परिषद के सदस्यों ने इसे चर्च की स्थिरता और विकास के लिए एक सकारात्मक कदम बताया. चुनाव परिणाम आने के बाद नवनिर्वाचित मॉडरेटर को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई देने वालों का तांता लग गया.

बुधवार को क्राइस्ट चर्च में होगा भव्य पद ग्रहण समारोह

चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब सबकी नजरें बुधवार को होने वाले औपचारिक शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं. नवनिर्वाचित मॉडरेटर और डिप्टी मॉडरेटर का पद ग्रहण समारोह बुधवार, 29 अप्रैल को सुबह सात बजे मेन रोड स्थित ऐतिहासिक क्राइस्ट चर्च में आयोजित किया जाएगा. इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान विशेष प्रार्थना सभा होगी, जिसमें चर्च के विभिन्न अंचलों से आए पादरी, प्रचारक और मसीही समुदाय के लोग शामिल होंगे.

Also Read: हेमंत सोरेन का ‘सरप्राइज’ मूव: बिना काफिले के अकेले गाड़ी ड्राइव कर प्रोजेक्ट भवन पहुंचे CM, मचा हड़कंप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >