Fake Forest Department Appointment Letter: वन विभाग में करीब आधा दर्जन युवकों को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया है. जब युवक अलग-अलग जिलों में योगदान देने जा रहे हैं, तो नियुक्ति पत्र को फर्जी बताया जा रहा है. उत्तर प्रदेश के एक युवक को भी ऐसा ही नियुक्ति पत्र मिला था. जब वह विभाग में योगदान देने गया, तो नियुक्ति पत्र को फर्जी बताया गया. इसके बाद युवक ने यूपी में जाकर मामला दर्ज कराया. वहां की पुलिस ने दो दिन पहले वन विभाग के मुख्यालय में आकर जांच की. उसने विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया है. युवक ने आरोप लगाया है कि उसको रांची में ही प्रशिक्षण भी दिया गया है. इसके बाद नियुक्ति पत्र दिया गया है.
जांच में खुली फर्जी नियुक्ति पत्र की पोल
नियुक्ति पत्र पीसीसीएफ के फर्जी हस्ताक्षर से जारी हुआ है. यह जानकारी चतरा उत्तरी वन प्रमंडल कार्यालय ने नौकरी के नाम पर योगदान देने आये युवकों को दी. सार्वजनिक सूचना जारी कर युवकों को ऐसी किसी फर्जी नियुक्ति से बचने का आग्रह किया. जालसाजों ने शातिर तरीके से प्रशासनिक मुहरों और दस्तखतों का दुरुपयोग कर फर्जी नियुक्ति पत्र बनाया है. विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार तीन जुलाई को चतरा उत्तरी वन प्रमंडल कार्यालय को निबंधित डाक से विश्वजीत कुमार और जगदीश भारती नामक दो व्यक्तियों के कार्य ग्रहण करने से संबंधित पत्र मिले. जब इन पत्रों की गहराई से जांच की गयी, तो चौंकाने वाला सच सामने आया. यह स्पष्ट हुआ कि ये पत्र पूरी तरह फर्जी है. जालसाजों ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक, झारखंड, रांची के कार्यालय और उनके नाम के फर्जी दस्तखत तथा नकली मुहर का इस्तेमाल कर यह जालसाजी रची है.
विभाग ने किया अलर्ट : तय प्रक्रिया से ही होती है नियुक्ति
विभाग ने स्पष्ट शब्दों में आम जनता को अलर्ट किया है कि सरकार के तहत किसी भी पद पर नियुक्तियां केवल निर्धारित और प्राधिकृत आयोग या संस्थाओं की नियत प्रक्रिया से ही होती है. नौकरी से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें और सत्यता की पूरी जांच अवश्य कर लें. वन प्रमंडल पदाधिकारी, चतरा ने जनता से अपील की है कि वे ऐसे शातिर ठगों से पूरी तरह सावधान और सतर्क रहें.
ये भी पढ़ें: JSSC-JPSC नियुक्तियों की CBI जांच हो, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को मिले सजा : चंपाई सोरेन
ये भी पढ़ें: हुसैनाबाद में ट्रक से 320 किलो गांजा बरामद, डेढ़ करोड़ से अधिक की खेप जब्त
