-36वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता -झारखंड ने दो दिनों में 13 स्वर्ण, 11 रजत व नौ कांस्य समेत 33 पदक जीते खेल संवाददाता, रांची बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में आयोजित 36वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन झारखंड के एथलीटों ने आठ गोल्ड, पांच सिल्वर और चार ब्रांज समेत कुल 17 पदक जीते. इस तरह दो दिनों में झारखंड ने कुल 33 पदक (13 स्वर्ण, 11 रजत और 9 कांस्य) हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा. पहले दिन झारखंड ने पांच स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य समेत 16 पदक अपने नाम किये थे. एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार झारखंड एथलेटिक्स संघ द्वारा आयोजित प्रतियोगिता का बुधवार को समापन होगा. इसमें पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, असम, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, नगालैंड, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश सहित कुल 10 राज्यों के 621 एथलीट भाग ले रहे हैं. दूसरे दिन झारखंड के स्वर्ण पदक विजेताओं में सविता मुर्मू (जेवलिन थ्रो), विवेक पाल (1500 मीटर), संजीव भारती (110 मीटर हर्डल्स), मो साजिद (110 मीटर हर्डल्स), प्रीति लकड़ा (ट्रिपल जंप), पूनम कुमारी (400 मीटर), नीरज यादव (जेवलिन) और पृथ्वी उरांव (लंबी कूद) शामिल रहे. वहीं कई खिलाड़ियों ने रजत व कांस्य जीत कर राज्य का मान बढ़ाया. टीम के कोचों में विनोद कुमार सिंह, आशु भाटिया, योगेश यादव, प्रभात रंजन तिवारी, आलोक सिंह, नरेश कुजूर और अनुभा खाखा का अहम योगदान रहा. खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और सम्मानित करने हेतु झारखंड एथलेटिक्स संघ के चेयरमैन डॉ मधुकांत पाठक, अध्यक्ष सीडी सिंह, सचिव एसके पांडे, आयोजन सचिव प्रभाकर वर्मा, अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता फजल अंसारी, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह व अन्य गणमान्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
