रांची में पहली बार सजेगा डूरंड कप का मंच, 26 जुलाई से बिरसा मुंडा स्टेडियम में दिखेगा रोमांच

झारखंड की राजधानी रांची पहली बार प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी कर रही है. 26 जुलाई से 16 अगस्त तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में कुल सात मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें ग्रुप सी के मैच और एक क्वार्टर फाइनल शामिल है. खेल प्रेमियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश मुफ्त रहेगा.

मोनू कुमार, रांची

Durand Cup 2026 Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची पहली बार देश और एशिया के सबसे प्रतिष्ठित और पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. डूरंड कप के 135वें संस्करण के तहत रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक कुल सात मुकाबले खेले जायेंगे. रांची में ग्रुप सी के सभी मैच खेले जायेंगे. इसमें छह लीग मैच के अलावा एक क्वार्टर फाइनल मैच शामिल है. 138 साल पुराने फुटबॉल इतिहास में यह पहली बार है, जब रांची को इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है. आयोजन को लेकर राज्य के खेल विभाग, सेना और जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में है. 

करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम का अपग्रेडेशन जारी

मुकाबलों को लेकर 30 हजार की क्षमता वाले बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को एआइएफएफ (ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन) के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार किया जा रहा है. खेल सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद स्टेडियम की पिच, फ्लड लाइट्स, खिलाड़ियों के चेंजिंग रूम, दर्शकों की सुरक्षा और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है.

ऋत्विक और प्रतीक जैसे सितारों का दिखेगा जलवा

इस टूर्नामेंट के दौरान रांची के खेल प्रेमियों को भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए खेल चुके खिलाड़ियों को करीब से लाइव देखने का मौका मिलेगा. जमशेदपुर एफसी की ओर से खेलने वाले स्टार विंगर ऋत्विक दास मैदान पर आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगे, जो भारतीय सीनियर राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. इसके अलावा आइएसएल (इंडियन सुपर लीग) के बेहद अनुभवी और दिग्गज डिफेंडर प्रतीक चौधरी रक्षापंक्ति की कमान संभालेंगे.

युवाओं को करना है आकर्षित

रांची और पूरे झारखंड के फुटबॉल प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि स्टेडियम में मैचों को लाइव देखने के लिए पास और टिकट मुफ्त जारी किये जायेंगे. खेल विभाग का लक्ष्य है कि राज्य के सुदूर इलाकों से आने वाले फुटबॉल प्रशंसक और युवा खिलाड़ी बिना किसी आर्थिक बाधा के इस विश्वस्तरीय टूर्नामेंट का आनंद ले सकें.

रांची में होने वाले ग्रुप C के मैचों का शेड्यूल

तारीखमैचसमय
26 जुलाईजमशेदपुर एफसी बनाम डिफेंडर्स एफसीशाम 5 बजे
29 जुलाईइंडियन एयर फोर्स बनाम डिफेंडर्स एफसीशाम 7 बजे
4 अगस्तजमशेदपुर एफसी बनाम एससी दिल्लीशाम 4 बजे
7 अगस्तएससी Delhi बनाम डिफेंडर्स एफसीशाम 4 बजे
10 अगस्तएससी दिल्ली बनाम इंडियन एयर फोर्सशाम 7 बजे
13 अगस्तजमशेदपुर एफसी बनाम इंडियन एयर फोर्सदोपहर 4 बजे
16 अगस्तविजेता (टीम-1) बनाम विजेता (टीम-2)शाम 4 बजे

श्रीलंका की टीम से मिलेगा अंतरराष्ट्रीय चैलेंज 

रांची के ग्रुप सी में स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय टीमों का कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा. यहां जमशेदपुर एफसी, इंडियन एयर फोर्स और एससी दिल्ली के अलावा श्रीलंका की मशहूर डिफेंडर्स एफसी भी चुनौती पेश करेंगी.

18 जुलाई को रांची में ट्रॉफी टूर

रांची में डूरंड कप को लेकर माहौल बनाने और रोमांच बढ़ाने के लिए आगामी 18 जुलाई को रांची में डूरंड कप ट्रॉफी टूर का आयोजन किया जायेगा. इस दौरान डूरंड कप को शहर के विभिन्न प्रमुख मागों में से ले जाया जायेगा.

ये भी पढ़ें: जज उत्तम आनंद हत्याकांड में दोषियों को राहत नहीं, झारखंड हाईकोर्ट ने उम्रकैद की सजा बरकरार रखी

ये भी पढ़ें: चचेरे भाई के साथ भागने की कोशिश में पकड़ी गई विवाहिता, चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya Gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Priya Gupta

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >