आनंद मोहन
Ranchi: स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने दिल्ली में कांग्रेस के आला नेता व लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान राज्य की विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी. उन्होंने राहुल गांधी को झारखंड में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रम व भावी योजनाओं की भी जानकारी दी. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पार्टी नेता श्री गांधी को रिम्स-टू के निर्माण, नये मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के प्रयासों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट दी है.
आदिवासी सम्मेलन में शामिल होंगे राहुल गांधी
स्वास्थ्य मंत्री ने श्री गांधी को जामताड़ा आने का न्यौता दिया. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जामताड़ा में आदिवासी सम्मेलन आयोजित किया जायेगा. इसमें श्री गांधी की विशेष उपस्थिति रहेगी. सम्मेलन की तिथि बाद में घोषित की जायेगी. श्री गांधी ने कहा कि झारखंड में पार्टी को महंगाई, बेरोजगारी, गरीबों की परेशानियां और सामाजिक असमानता जैसे मुद्दों पर और अधिक धारदार तरीके से संघर्ष करने की आवश्यकता है.
इरफान अंसारी के काम की सराहना
गरीबों की आवाज बुलंद करें. श्री गांधी ने कहा कि अल्पसंख्यक, पिछड़े और कमजोर वर्गों की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए जमीन पर काम करने को कहा. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पार्टी नेता श्री गांधी के साथ यह मुलाकात मनोबल बढ़ाने वाला था. उन्होंने मेरे कार्यों की सराहना की.
ये भी पढ़ें…
25 मई से शुरू होगी हज यात्रा, सऊदी अरब में नजर आया बकरीद का चांद
रांची में हिनू की पीएचईडी कॉलोनी में जलमीनार से पानी का रिसाव, जल्द होगी मरम्मत
