रांची. एचइसी के एफएफपी प्लांट स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए रांची रेल डिविजन ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे दिया है. रेलवे के अधिकारी ने बताया कि यह आरओबी राज्य सरकार को बनाना है. इसको लेकर वर्ष 2022 में ही रेलवे ने स्वीकृति दे दी थी. उस समय ड्राइंग भी फाइनल हो गयी थी. तय किया गया था कि आरओबी सिंगल लेन का होगा, लेकिन स्मार्ट सिटी के बनने और भविष्य में बढ़ती आबादी को देखते हुए दो लेन का आरओबी बनाने का निर्णय लिया है. वहीं, इसको लेकर रेलवे ने राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ ज्वाइंट सर्वे किया. आरओबी के निर्माण में खर्च रेलवे और राज्य सरकार दोनों वहन करेंगे, लेकिन निर्माण राज्य सरकार करायेगी.
वर्षों से लटका हुआ है आरओबी निर्माण का कार्य
आरओबी का निर्माण कई वर्षों से लटका हुआ है. इस कारण लोग आये दिन जाम में घंटों फंसे रहते हैं. रेलवे ने राज्य सरकार को वर्ष 2020 में आरओबी निर्माण का प्रस्ताव दिया था. राज्य सरकार ने रेलवे को आरओबी बनाने की स्वीकृति दी. आरओबी का निर्माण चांदनी चौक से लेकर रेलवे फाटक क्रॉसिंग के आगे तक किया जायेगा. इसकी लंबाई लगभग 65 मीटर और चौड़ाई लगभग 24 मीटर होगी.प्रतिदिन 30 से अधिक ट्रेनों का होता है परिचालन
एचइसी के एफएफपी प्लांट स्थित रेलवे क्रॉसिंग से हर दिन 30 से अधिक ट्रेनों का परिचालन होता है. इसमें एक दर्जन से अधिक एक्सप्रेस, पैसेंजर ट्रेनों के अलावा 15 से 20 मालगाड़ियां शामिल हैं. जिन प्रमुख ट्रेनों का परिचालन होता है, उनमें हटिया-तपस्विनी, धनबाद-एलेप्पी, हटिया-यशवंतपुर, हटिया-एलटीटी, रक्सौल-हैदराबाद, हटिया-दुर्ग, संबलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस, राउरकेला-जयनगर, संबलपुर-जम्मू-तवी, हटिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर, हटिया-राउरकेला पैसेंजर, धनबाद-भुवनेश्वर स्पेशल आदि ट्रेनें शामिल हैं. रेलवे के अधिकारी ने बताया कि अगर एक ट्रेन के लिए रेलवे क्रॉसिंग को छह मिनट भी बंद किया जाता है, तो रोजाना तीन घंटों के लिए रेलवे फाटक बंद करना पड़ता है. करुणानिधि सिंह, डीआरएम, रांची रेल मंडल ने कहा कि एचइसी के एफएफपी प्लांट स्थित रेलवे क्रॉसिंग को लेकर रांची रेल डिविजन ने एनओसी दे दिया है. अब भविष्य में बढ़ती आबादी को देखते हुए सिंगल के बजाय डबल लेन का आरओबी बनाया जायेगा. अभी बारिश हो रही है. जब भी काम शुरू होगा, रांची रेल डिविजन ब्लॉक देने के लिए तैयार है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
