शुगर कुष्माकर चूर्ण बनानेवाली कंपनी का कोलकाता का पता फर्जी

मधुमेह की दवा ‘शुगर कुष्माकर चूर्ण’ की निर्माता कंपनी का पता फर्जी पाया गया है.

मधुमेह (डायबिटीज/ शुगर) की दवा ‘शुगर कुष्माकर चूर्ण’ की निर्माता कंपनी ‘सुमन लेबोरेट्रीज प्राइवेट लिमिटेड’ का पता फर्जी पाया गया है. राज्य औषधि निदेशालय के आग्रह पर पश्चिम बंगाल के औषधि विभाग की टीम जब कोलकाता स्थित पते पर पहुंची, तो वहां कंपनी का कोई प्रमाण नहीं मिला. वहां औषधि निर्माण या पैकेजिंग का कोई प्लांट नहीं पाया गया. इसकी जानकारी झारखंड औषधि निदेशालय को दी गयी है. वहीं, ऑनलाइन शॉपिंग साइट अमेजन से भी शुगर कुष्माकर चूर्ण की बिक्री बंद कर दी गयी है. इधर, अमेजन की साइट पर अचानक सुमन लेबोरेट्रीज की इस दवा की बिक्री बंद होने पर राज्य औषधि निदेशालय सचेत हो गया है. ड्रग कंट्रोलर ऋतु सहाय ने बताया कि अमेजन को पत्र लिख कर उक्त कंपनी का विवरण लिया जायेगा. कंपनी का अकाउंट नंबर और उसका पता खंगाला जायेगा. इसके बाद कंपनी पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. गौरतलब है कि प्रभात खबर ने 21 मार्च के अंक में ‘डायबिटीज नियंत्रित करनेवाले आयुर्वेदिक चूर्ण में हार्ट, गैस और एंटीबायोटिक दवा का रसायन मिला’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >