रांची से मनोज सिंह की रिपोर्ट
Coal India New Rules, रांची : कोल इंडिया लिमिटेड ने अपने मैनेजमेंट ट्रेनी की भर्ती और शुरुआती करियर ग्रोथ को लेकर एक नई नीति लागू कर दी है. कंपनी के अध्यक्ष और बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद इससे संबंधित आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है. नई नीति के तहत मैनेजमेंट ट्रेनियों के इंडक्शन से लेकर उनके शुरुआती पदोन्नति नियमों तक में कई अहम बदलाव किए गए हैं. कंपनी का मानना है कि इस कदम से प्रतिभाशाली पेशेवरों को तैयार करने और करियर विकास की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी.
1 साल की प्रोबेशन अवधि और एग्जिट टेस्ट अनिवार्य
नए आदेश के अनुसार, प्रबंधन मैनेजमेंट ट्रेनी के कंपनी में शामिल होने की तारीख से एक वर्ष की अवधि को औपचारिक रूप से "प्रोबेशन" माना जाएगा. इस प्रोबेशन अवधि के दौरान उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा आयोजित होने वाले 'मूल्यांकन टेस्ट' को पास करना होगा और संतोषजनक रिपोर्ट प्राप्त करनी होगी. जो उम्मीदवार मानकों को पूरा करने में विफल रहेंगे, उनकी प्रोबेशन अवधि बढ़ाई जा सकती है या नियमानुसार सेवाएं समाप्त की जा सकती हैं.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL रद्द : सीएम की घोषणा के बाद छात्रों को सरकार के नोटिफिकेशन का इंतज़ार, इसके बाद तय होगी आगे की रणनीति
इ-2 ग्रेड में असिस्टेंट मैनेजर के रूप में नियमितीकरण
प्रोबेशन अवधि और एग्जिट टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद प्रशिक्षुओं को ई-2 ग्रेड में 'असिस्टेंट मैनेजर' के रूप में नियमित किया जाएगा. इसके बाद, ई-2 ग्रेड में न्यूनतम दो वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी करने पर अधिकारी ई-3 ग्रेड ('डिप्टी मैनेजर') में पदोन्नति के पात्र होंगे. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और यह नए भर्ती चक्रों के साथ-साथ वर्तमान में कार्यरत मैनेजमेंट ट्रेनियों पर भी नियमानुसार लागू रहेगा.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL: कल तक थे आप-सर! आज हुए बेरोजगार! नियुक्ति रद्द होने के बाद छलका युवाओं का दर्द
