रांची से सुनील चौधरी की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारतीय डेफ (बधिर) क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए नेपाल के खिलाफ सीरीज जीतने पर बधाई दी. कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल और भारतीय डेफ क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनके प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उन्होंने देश और राज्य दोनों का गौरव बढ़ाया है.
नेपाल के खिलाफ जीत को बताया गौरव का क्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि धनबाद के टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में आयोजित डेफ क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में नेपाल को हराकर भारतीय टीम ने शानदार उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ खेल उपलब्धि नहीं बल्कि संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक है. उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर नई मिसाल कायम की है.
झारखंड के खिलाड़ियों पर जताया गर्व
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भारतीय डेफ क्रिकेट टीम में झारखंड के कई खिलाड़ियों का शामिल होना राज्य के लिए गर्व की बात है. इससे यह साबित होता है कि झारखंड के खिलाड़ियों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है. ग्रामीण और पिछड़े इलाकों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य युवाओं को भी प्रेरणा देने का काम करेंगी.
इसे भी पढ़ें: झामुमो ने केंद्र सरकार के गलत नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ खोला मोर्चा, जमशेदपुर में प्रदर्शन
कई पदाधिकारी और खिलाड़ी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान झारखंड डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव रंजीत कुमार, टीम के कप्तान सोनू सिंह, खिलाड़ी रुस्तम हुसैन, शोएब अख्तर, दीपक कुमार और अनुवादक रीमा साहू मौजूद थीं.
इसे भी पढ़ें: बकाया मानदेय को लेकर आउटसोर्सिंग कर्मियों का प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
