Ranchi Crime News, रांची: रेल सुरक्षा बल (RPF) रांची मंडल के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार स्टेशनों और ट्रेनों में चलाए जा रहे गहन जांच अभियान के दौरान बुधवार को रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली. उप निरीक्षक सूरज पांडे के पर्यवेक्षण में आरपीएफ पोस्ट और आरपीएफ टीम रांची स्टेशन पर चेकिंग ड्यूटी में तैनात थी. इसी दौरान ट्रेन संख्या 18523 एक्सप्रेस के रांची स्टेशन पहुंचने पर गहन तलाशी ली गई.
एसी कोच में लावारिस मिला संदिग्ध बैग
जांच के क्रम में कोच संख्या A-2 की सीट संख्या 37 के नीचे एक हरे रंग का ट्रॉली बैग लावारिस और संदिग्ध अवस्था में पाया गया. आसपास के यात्रियों से पूछताछ करने पर जब किसी ने दावेदारी नहीं की, तो सुरक्षा बलों को संदेह हुआ. बैग की तलाशी लेने पर भूरे रंग के प्लास्टिक रैपर में लिपटे कई पैकेट मिले, जिनमें प्रथम दृष्टया गांजा होने की पुष्टि हुई. इसकी सूचना तत्काल सहायक सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ मुरी) एस. सी. सहाय को दी गई.
Also Read: पश्चिमी सिंहभूम में नहीं होगी खून की कमी, 8 मई को बड़ा जामदा में रक्तदान शिविर
डीडी किट से जांच और जब्ती की प्रक्रिया
सहायक सुरक्षा आयुक्त की मौजूदगी में जब सभी कानूनी औपचारिकताओं के साथ बैग की सघन जांच की गई, तो उसमें से कुल 13 पैकेट मादक पदार्थ बरामद हुए. डीडी किट (Drug Detection Kit) द्वारा जांच करने पर पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई. सभी 13 पैकेटों का कुल वजन 13 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6,50,000 रुपये बताई जा रही है.
जीआरपीएस को सौंपी गई खेप
आरपीएफ टीम के एएसआई अनिल कुमार द्वारा बरामद गांजे को विधिवत जब्त किया गया. सभी विधिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद जब्त मादक पदार्थ को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपीएस (GRPS) रांची के हवाले कर दिया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे किस गिरोह का हाथ है.
Also Read: एमएस धोनी ने फिर बनाया रिकॉर्ड, झारखंड-बिहार के सबसे बड़े टैक्सपेयर बने
