Ishank Singh, रांची (सुनील चौधरी की रिपोर्ट): रांची के सात वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह ने अपनी असाधारण प्रतिभा से देश और दुनिया में झारखंड का मान बढ़ाया है. यही कारण है कि अलग अलग संगठन के लोग भी उन्हें सम्मानित कर रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में इशांक से मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नन्हे तैराक को 5 लाख रुपये का चेक, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया. सीएम ने इशांक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके माता-पिता और कोच को भी बधाई दी.
पाल्क स्ट्रेट में रचा विश्व रिकॉर्ड
इशांक सिंह ने 30 अप्रैल 2026 को श्रीलंका के तलाईमन्नार से तमिलनाडु के धनुषकोडी तक फैले चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट को पार किया. उन्होंने 29 किलोमीटर की यह दूरी लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरकर तय की. इस उपलब्धि के साथ ही इशांक पाल्क स्ट्रेट को पार करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक बन गए हैं. ‘यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम’ ने उन्हें “यंगेस्ट एंड फास्टेस्ट पाल्क स्ट्रेट स्विमर” के खिताब से नवाजा है.
Also Read: झारखंड के कमलपुर में मनाया गया हजरत ताजी हबीबुल्लाह साह का उर्स, कव्वालों ने बांधा समां
कठिन परिश्रम और अनुशासन की मिसाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में ऐसी सफलता मिलना इशांक के कठिन परिश्रम और अटूट अनुशासन का परिणाम है. हर विद्या मंदिर (JVM) श्यामली के कक्षा 3 के छात्र इशांक ने इस मिशन के लिए रांची के धुर्वा डैम में प्रतिदिन 7-8 घंटे का कड़ा अभ्यास किया था. उन्होंने जय जसवंत (10 वर्ष) के पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर यह नया कीर्तिमान स्थापित किया है.
झारखंड में तैराकी सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में तैराकी की प्रतिभाओं को तराशने के लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विस्तार हेतु कार्ययोजना तैयार की जाए. उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इशांक जैसे प्रतिभाशाली बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने के लिए हर संभव सहायता और मंच उपलब्ध कराएगी.
Also Read: पलामू के जीएलए और जेएस कॉलेज में बंद होगी आर्ट्स की पढ़ाई, चैनपुर मॉडल डिग्री कॉलेज में होगी शुरुआत
