उम्मीदें पूरी, केंद्रीय विद्यालय में पढ़ेंगे कोयलांचल के बच्चे
डकरा में केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय विद्यालय संगठन के अध्यक्ष ने स्वीकृति प्रदान कर दी है.
उम्मीदें पूरी, केंद्रीय विद्यालय में पढ़ेंगे कोयलांचल के बच्चे
प्रतिनिधि, डकरा.
डकरा में केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय विद्यालय संगठन के अध्यक्ष ने स्वीकृति प्रदान कर दी है. संगठन के केंद्रीय आयुक्त प्रशासन दीपेश गहलौत ने गुरुवार को लिखित आदेश जारी कर उक्त जानकारी दी. इस प्रोजेक्ट स्कूल का प्रायोजक सीसीएल प्रबंधन है और सत्र 2026-27 के शैक्षणिक सत्र में कक्षा एक से पांच तक विद्यालय शुरू की जायेगी. विद्यालय में प्रवेश के लिए केंंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा आइएचएल क्षेत्र अंतर्गत तय नियमों के आधार पर किया जायेगा. प्रायोजक सीसीएल के लिए तीन शर्तें तय की गयी हैं. जिसमें स्थाई भवन, सभी कर्मियों को आवासीय सुविधा, 15% अतिरिक्त प्रशासनिक खर्च और समय-समय पर बढ़ोतरी का शर्त तय है. तय शर्त विफल होने पर संगठन को निर्णय का अधिकार दिया गया है.
प्रभात खबर का अभियान पूरा :
लिखित आदेश जारी होते ही वर्ष 2006 से विद्यालय खोलवाने को लेकर प्रभात खबर का अभियान पूरा हो गया है. इस खबर से एक तरफ जहां पूरे कोयलांचल क्षेत्र में खुशी का माहौल है. वहीं दूसरी ओर लोग सोशल मीडिया पर प्रभात खबर के योगदान की खूब चर्चा कर रहे हैं. लोगों ने लिखा है कि सचमुच प्रभात खबर अखबार नहीं आंदोलन है. यह केंद्रीय विद्यालय के रूप में डकरा क्षेत्र में देखा जा रहा है.
उम्मीदों पर खरे उतरे सांसद :
2019 में भाजपा प्रत्याशी के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ने आये संजय सेठ ने डकरा स्टेडियम में जनता को साक्षी मानकर संकल्प लिया था कि चुनाव जीतने पर केंद्रीय विद्यालय खोलवाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. पहले कार्यकाल में उन्होंने प्रयास भी किया लेकिन सफलता नहीं मिली. 2024 में चुनाव जीतने पर वे मंत्री बने और फिर से प्रयास किया. इस बार सफलता मिली. उन्होंने बयान जारी कर कहा है कि कोयलांचल क्षेत्र की जनता से जो प्यार-स्नेह मिला है, उसके लिए यह वादा पूरा करना उनकी जिम्मेदारी थी.
ग्राउंड पर काफी काम शेष : शिक्षा
मंत्रालय से आदेश तो जारी तो हो गया है, लेकिन ग्राउंड पर अभी भी काफी काम शेष है. सिविल वर्क चल रहा है. इलेक्ट्रिक वर्क शुरू भी नहीं हुआ है. फर्नीचर खरीद की प्रक्रिया चल ही रही है. विद्यालय में शिक्षकों की पोस्टिंग, उनके रहने की व्यवस्था को लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं है. नामांकन को लेकर स्थानीय अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं है.
भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर आदेश जारी किया
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.