आनंद मोहन
रांची : कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने केंद्र सरकार पर युवाओं और छात्रों की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि देश के नौजवानों और छात्रों का गुस्सा चरम पर है और पेपर लीक जैसी भ्रष्ट व्यवस्था से पीड़ित युवा लोकतांत्रिक एवं अहिंसात्मक तरीके से सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं.
पेपर लीक से छात्रों का भविष्य बर्बाद
कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदीप यादव ने कहा कि पेपर लीक के कारण देश में दो दर्जन से अधिक होनहार छात्र-छात्राओं ने तंग आकर आत्महत्या कर ली है. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद है कि सत्ता के नशे में चूर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री को इन परिवारों का दर्द महसूस नहीं हो रहा और न ही युवाओं के आक्रोश की आवाज सुनाई दे रही है.
2014 से अब तक 152 पेपर लीक होने का दावा
प्रदीप यादव ने सरकारी रिकॉर्ड का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्ष 2014 से अब तक देश में महत्वपूर्ण परीक्षाओं के 152 पेपर लीक हो चुके हैं. जम्मू-कश्मीर से लेकर तमिलनाडु तक फैली इस समस्या से करीब 7.5 करोड़ छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हुआ है. इसके बावजूद किसी बड़े दोषी को सजा नहीं मिली और न ही सरकार ने कोई जवाबदेही तय की.
नीट पीड़ित परिवारों की अनदेखी का आरोप
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा के पेपर लीक के बाद जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया, सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे मिलने तक नहीं गया. प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता नेशनल टेस्टिंग एजेंसी जैसे शैक्षणिक संस्थानों में अपने विचारधारा के लोगों को बैठाना है, जबकि छात्रों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा.
राहुल गांधी पर युवाओं का अटूट विश्वास
कांग्रेस विधायक दल के नेता ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों के दर्द को समझा है और उनकी आवाज को बुलंद करने का काम किया है. उन्होंने कहा कि देहरादून और राजस्थान में सरकार ने उनके कार्यक्रमों को रोकने की कोशिश की, लेकिन युवाओं का राहुल गांधी पर अटूट विश्वास है और हजारों छात्र-छात्राओं ने उनके कार्यक्रमों में भाग लिया.
28 शहरों में चल रहा है अभियान
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के संयोजक कुमार राजा ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान देश के 28 शहरों में 40 दिनों तक चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अभियान के पहले और दूसरे सप्ताह के कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं. इस अवसर पर अभिलाष साहू, लाल किशोर नाथ शाहदेव और राजन वर्मा भी मौजूद थे.
