Ranchi Crime News: झारखंड के रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित एटीएस मुख्यालय के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने मां के साथ स्कूटी से जा रही वर्षा कुमारी के हाथ से मोबाइल छीन लिया. घटना के दौरान वर्षा स्कूटी से गिरते-गिरते बची. वारदात 22 जुलाई की दोपहर करीब 12:15 बजे हुई. मोबाइल छिनने के बाद वर्षा ने हिम्मत दिखाते हुए स्कूटी से ही बदमाशों का पीछा किया.
जाम में फंसे बदमाशों से वापस लिया मोबाइल
मोबाइल छिनने के बाद वर्षा ने स्कूटी से ही दोनों अपराधियों का पीछा किया. पीछा करते हुए वह शहीद मैदान मछली मार्केट के सामने पहुंची, जहां ट्रैफिक जाम में बदमाशों की बाइक फंस गई. जाम में फंसे बदमाशों तक पहुंचकर उसने अपना मोबाइल वापस मांगा, लेकिन आरोपियों ने मोबाइल लौटाने से इनकार कर दिया. इसके बाद वर्षा ने स्थानीय लोगों की मदद से बदमाशों की जेब से अपना मोबाइल निकालकर वापस ले लिया.
पुलिस मौके पर पहुंची
इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी. पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश अपनी बाइक छोड़कर शालीमार बाजार की ओर पैदल फरार हो गए. पुलिस ने मौके से बाइक जब्त कर ली. बाइक की नंबर प्लेट पर स्टिकर लगा हुआ था. स्टिकर हटाने पर उसका वास्तविक नंबर (जेएच-01एफवी-1310) मिला. वर्षा कुमारी ने इस संबंध में धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें: JPSC 14वीं सिविल सेवा परीक्षा मामला: हाईकोर्ट ने JPSC से मांगा जवाब, 24 सितंबर को होगी अगली सुनवाई
ये भी पढ़ें: रांची हाई-प्रोफाइल चोरी का मामला: अशोक नगर में चोरी करने दिल्ली के बवाना और बिहार के सीतामढ़ी से आई थी दो चोरनी
