रांची (प्रमुख संवाददाता). विधानसभा के बजट सत्र में बुधवार को बजट पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने बोकारो डीसी विजया जाधव की शिकायत सूचना के माध्यम से दी. उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो को बताया कि उनके साथ बोकारो डीसी ने फोन पर बदतमीजी की है. उन्होंने ऐसे अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. इस पर चंदनकियारी के विधायक उमाकांत रजक ने श्वेता सिंह का समर्थन किया. कहा कि बोकारो डीसी बहुत ही उद्दंड हैं. हमलोग जनप्रतिनिधि हैं. हमारा विशेषाधिकार है.
कार्रवाई होगी, किसी का अपमान बर्दाश्त नहीं
श्वेता सिंह व उमाकांत रजक की शिकायत पर स्पीकर ने कहा कि संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आपकी बातों पर संज्ञान लिया है. सबके सम्मान की रक्षा होगी. निश्चित रहें, नियमानुसार कार्रवाई होगी. संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था है. सदन में सदस्यों का विशेषाधिकार है. जिस प्रकार से आपने डीसी की शिकायत की है, इससे प्रतीत होता है कि आपको दुख हुआ है. भरोसा रखें सरकार पक्ष-विपक्ष के सभी सदस्यों के विशेषाधिकार की रक्षा करेगी. इस पर व्यक्तिगत रूप से बात की जायेगी. इधर श्वेता सिंह ने बोकारो डीसी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का मामला लाने की बात भी कही.17 की जगह 22 मार्च को चलेगा सदन
रांची. विधानसभा के बजट सत्र की कार्यसूची में बदलाव किया गया है. पहले 17 मार्च (सोमवार) को सदन की बैठक निर्धारित थी. कार्यमंत्रणा समिति की बैठक के बाद तय किया गया कि 17 मार्च वाली बैठक अब 22 मार्च (शनिवार) को होगी. विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिये गये निर्णय से सदन को अवगत कराया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
