पंकज त्रिपाठी की रिपोर्ट
रांचीः भाजपा कार्यसमिति सदस्य सह हरमू के पूर्व पार्षद अरुण कुमार झा का नाम गलत तरीके से राशन कार्ड बनाकर अनाज उठाव करने में आया है. आरोप है कि उन्होंने पार्षद रहते हुए नियम विरुद्ध तरीके से अपने और अपनी पत्नी के नाम से राशन कार्ड बनाया. यह मामला जांच के बाद सामने आया. इसके बाद जिला प्रशासन ने उन्हें नोटिस जारी कर जुर्माने की रकम अदा करने का निर्देश दिया. नोटिस की जानकारी मिलने के बाद पूर्व पार्षद ने अपनी गलती मान ली और बताया कि कार्ड सरेंडर कर दिया गया है.
सभी कार्डधारियों की हो रही जांच
सूचना बाहर आते ही नगर निगम और हरमू क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बन गया. राशन कार्ड के दुरुपयोग को लेकर केंद्र सरकार और जिला प्रशासन सख्त हो गया है. सभी कार्डधारियों की जांच हो रही है. इसी क्रम रांची डीसी ऑफिस के अनुभाजन शाखा ने जून में गलत तरीके से राशन कार्ड बनाने वालों को नोटिस जारी किया. इसमें बताया गया कि भारत सरकार की सूची के आधार पर कुल 8875 परिवारों को चिह्नित किया गया है, जिनकी सालाना आय सीबीडीटी डाटा के अनुसार छह लाख रुपये से अधिक पाई गई है. बावजूद इसके ये परिवार राशन कार्ड पर सरकारी लाभ ले रहे थे.
राशि जमा नहीं करने पर FIR दर्ज कराने की चेतावनी
विभाग का कहना है कि यह झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश-2024 की धारा 07 का उल्लंघन है. ऐसे में अपात्र पाए गए लाभुकों को शीघ्र जुर्माने की राशि ऑनलाइन राजकोष में जमा करनी होगी या उन्हें राशन कार्ड प्रत्यर्पण कर अपना पक्ष रखना होगा वर्ना उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी. सूत्रों के मुताबिक, नोटिस के साथ संलग्न अपात्र व्यक्तियों की सूची में क्रम संख्या 3016 और 3017 पर हरमू क्षेत्र के पूर्व वार्ड पार्षद अरुण कुमार झा और उनकी पत्नी के नाम भी दर्ज हैं.
आयुष्मान कार्ड के लिए बनवाया था राशन कार्ड: अरुण झा
नोटिस मिलने के बाद अरुण झा ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2023 में दो यूनिट का राशन कार्ड बनवाया था, लेकिन मकसद आयुष्मान कार्ड बनवाना था. उनका दावा है कि उन्होंने कभी राशन नहीं उठाया. गलती का एहसास होने पर दो माह पहले स्वयं सरकार को लिखित सूचना देकर अपना कार्ड सरेंडर करा दिया है.
ये भी पढ़ें: कानूनी लड़ाई में जीती मां की ममता, झारखंड हाईकोर्ट ने 4 साल की बेटी की कस्टडी सौंपी
