रांची : कांग्रेस के मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर आपत्ति जतायी है. उन्होंने कहा कि श्री मरांडी के बयान भ्रामक और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित हैं. राज्य सरकार और जांच एजेंसियां निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ अपना काम कर रही हैं.
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जब भी कोई मामला सामने आता है, राज्य सरकार बिना किसी पक्षपात के त्वरित और सख्त कदम उठाती है. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका इतिहास युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि बाबूलाल मरांडी को युवाओं की चिंता नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक साख की चिंता है.
साक्ष्य हैं तो जांच एजेंसियों को दें : शाहदेव
उन्होंने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष के पास कोई ठोस साक्ष्य हैं, तो सोशल मीडिया पर ट्रायल चलाने के बजाय उन्हें जांच एजेंसियों के सामने रखना चाहिए. किसी अधिकारी या मामले पर पूर्वाग्रह से आरोप लगाना और जांच को प्रभावित करने की कोशिश करना हताशा को दर्शाता है.
शाहदेव ने कहा कि राज्य की सीआइडी और संबंधित जांच एजेंसियां कानून के दायरे में रहकर स्वतंत्र रूप से जांच कर रही हैं. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा और किसी निर्दोष को फंसाया नहीं जायेगा.
उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार राज्य के लाखों अभ्यर्थियों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
