रांची में बवाल पर भाजपा का पलटवार: आदित्य साहू बोले - कांग्रेस ने सुनियोजित साजिश के तहत कराई पत्थरबाजी

झारखंड भाजपा ने कांग्रेस पर रांची में हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए तीखा पलटवार किया है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं को आगे कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया. पार्टी ने JPSC और NEET परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा.


रांची से अरविंद सिंह की रिपोर्ट

BJP Press Conference: भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और पत्थरबाजी की घटना के बाद झारखंड भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर सुनियोजित तरीके से हिंसा भड़काने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं को आगे कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया और अब भाजपा नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं.

कांग्रेस ने लोकतंत्र की मर्यादा को किया तार-तार: साहू

आदित्य साहू ने कहा कि लोकतंत्र लोक-लाज और मर्यादा से चलता है, लेकिन कांग्रेस ने इन मूल्यों को पूरी तरह खत्म कर दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने आ गया है. एक ओर वह दिल्ली में अलग रुख अपनाती है, जबकि झारखंड में अलग राजनीति करती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब जनता के मुद्दों पर बात करने के बजाय केवल राजनीतिक नाटक बचा है.

JPSC और अन्य परीक्षाओं पर सरकार को घेरा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने झारखंड सरकार को घेरते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही समेत कई प्रतियोगी परीक्षाएं विवादों में रही हैं. उनका आरोप था कि इन परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं के मामले सामने आए, लेकिन कांग्रेस ने कभी निष्पक्ष जांच की मांग नहीं की क्योंकि वह राज्य सरकार का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि JPSC में बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है और भाजपा युवा मोर्चा के आंदोलन के दबाव में तत्कालीन JPSC अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा. भाजपा की मांग है कि पूर्व JPSC अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए.

'CID जांच सिर्फ आईवॉश, CBI जांच हो'

आदित्य साहू ने कहा कि JPSC मामले में CID की जांच केवल औपचारिकता है और इससे सच्चाई सामने नहीं आएगी. उन्होंने पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग दोहराई. उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है तो उसे भी CBI जांच की मांग करनी चाहिए. भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सत्ता से जुड़े हितों के कारण ऐसा नहीं कर रही है.

NEET और छात्र आंदोलन पर भी साधा निशाना

NEET परीक्षा का उल्लेख करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि जहां पेपर लीक की पुष्टि हुई, वहां परीक्षा रद्द कर दोबारा कराई गई. इसके बाद परिणाम जारी हुआ और दोषी लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. उन्होंने दावा किया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है.

पत्थरबाजी को बताया सुनियोजित साजिश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अप्रत्यक्ष रूप से युवाओं को इकट्ठा कर आंदोलन के नाम पर हिंसा कराई. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय के बाहर हुई पत्थरबाजी कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा थी. आदित्य साहू ने दावा किया कि कांग्रेस ने हिंदपीढ़ी क्षेत्र से पत्थरबाजों और असामाजिक तत्वों को बुलाकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कराया. उन्होंने कहा कि इस घटना में कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं.

DSP को निलंबित करने की मांग

भाजपा ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए. आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद डीएसपी दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया. उन्होंने राज्य सरकार से डीएसपी को तत्काल निलंबित करने की मांग करते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि पुलिस की भूमिका भी स्पष्ट हो सके.

इसे भी पढ़ें: पत्थरबाजी मामले में कांग्रेस ने दर्ज कराई FIR, बाबूलाल मरांडी और आदित्य साहू समेत 15 नेता नामजद

भाजपा भी दर्ज कराएगी एफआईआर

कांग्रेस द्वारा भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य साहू ने कहा कि यह कांग्रेस की पहले से बनाई गई रणनीति का हिस्सा था. उनके अनुसार पहले पत्थरबाजी कराई गई और फिर भाजपा नेताओं को फंसाने के लिए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई. उन्होंने घोषणा की कि भाजपा भी कोतवाली थाना में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगी. भाजपा का कहना है कि उपलब्ध वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में NEET विवाद और छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस-झामुमो का प्रदर्शन, कई जिलों में पुतला दहन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumarvishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >