Live Updates

BJMY JPSC Protest: रांची में भाजपा का प्रदर्शन खत्म, गुरुवार को BJP कार्यालय घेरेगी कांग्रेस

BJMY JPSC Protest: रांची में JPSC परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में भाजयुमो और छात्रों ने JPSC कार्यालय का घेराव किया. कड़ी सुरक्षा और बैरिकेडिंग के बावजूद प्रदर्शनकारी कार्यालय तक पहुंच गए. परीक्षा रद्द करने, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.

3:18 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

भाजपा का प्रदर्शन खत्म, गुरुवार को भाजपा कार्यालय का घेराव करेगी कांग्रेस

BJMY JPSC Protest: JPSC कार्यालय घेराव के बाद कांग्रेस भवन की ओर बढ़े भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन बुधवार को समाप्त हो गया. सुभाष चौक पर पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता वापस लौट गए. इसके साथ ही कांग्रेस और भाजपा के बीच चला विरोध प्रदर्शन भी खत्म हो गया. पुलिस ने बैरिकेड हटाकर सड़क को खाली कराया और यातायात सामान्य कर दिया. वहीं कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह गुरुवार को भाजपा कार्यालय का घेराव करेगी. फिलहाल पूरे इलाके में स्थिति सामान्य बनी हुई है.

3:11 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

प्रदर्शनकारियों ने JPSC को झोलझाल पब्लिक कमीशन बताया

BJMY JPSC Protest: प्रदर्शनकारियों ने JPSC को "झोलझाल पब्लिक कमीशन" बताते हुए आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा. छात्रों ने सरकार से पूरे मामले की न्यायिक या स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और भविष्य में सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ कराने की मांग की.

3:10 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

सही उत्तर को गलत और गलत उत्तर को सही किया गया

BJMY JPSC Protest: एक दूसरे अभ्यर्थी ने कहा कि उसने 152 प्रश्न सही किए थे और उसे प्रारंभिक परीक्षा पास होने की पूरी उम्मीद थी, लेकिन परिणाम आने के बाद वह चयन सूची से बाहर हो गया. छात्रों का आरोप है कि सही उत्तरों को गलत और गलत उत्तरों को सही बताया गया, जबकि कई प्रश्न बिना स्पष्ट कारण के हटा दिए गए. उन्होंने कटऑफ सार्वजनिक करने और प्रत्येक विवादित उत्तर का आधिकारिक स्रोत जारी करने की मांग की.

3:08 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

होटल में बैठाकर उत्तर पुस्तिकाएं लिखवाई गईं

BJMY JPSC Protest: प्रदर्शनकारी छात्र ने यह भी दावा किया कि कुछ अभ्यर्थियों को होटल में बैठाकर कई घंटों तक उत्तर पुस्तिकाएं लिखवाई गईं. उसका कहना था कि यदि जांच एजेंसी निष्पक्ष जांच करे तो पूरे मामले का खुलासा हो सकता है. छात्रों ने आरोप लगाया कि ब्लैकलिस्टेड एजेंसी से परीक्षा कराने, उत्तर कुंजी में बार-बार बदलाव और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी ने अभ्यर्थियों का भरोसा तोड़ा है.

3:07 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

प्रदर्शनकारी छात्र का दावा, 40-45 लाख में बिकी मेंस की कॉपी

BJMY JPSC Protest: प्रदर्शन में शामिल एक छात्र ने आरोप लगाया कि रांची में JPSC कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगाए. प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने दावा किया कि सिर्फ 14वीं JPSC ही नहीं, बल्कि FRO और अन्य परीक्षाओं में भी अनियमितताएं हुई हैं. एक छात्र ने कैमरे पर आरोप लगाया कि उसके कुछ परिचितों ने 40 से 45 लाख रुपये देकर मेंस परीक्षा की उत्तर पुस्तिका अलग स्थान पर लिखी. छात्र ने कहा कि यदि उसकी पहचान सुरक्षित रखने की गारंटी दी जाए तो वह संबंधित लोगों के नाम भी सामने लाने को तैयार है.

3:00 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

पारदर्शी परीक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग

BJMY JPSC Protest: प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल इस परीक्षा का विरोध नहीं, बल्कि भविष्य में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है. छात्रों ने सरकार और JPSC से पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने, विवादों का समाधान करने तथा योग्य अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करने की मांग की. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा.

3:00 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

गंभीर आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं

BJMY JPSC Protest: कुछ प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली, ब्लैकलिस्टेड एजेंसी से परीक्षा कराने और करोड़ों रुपये के लेनदेन जैसे गंभीर आरोप लगाए. कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि योग्य अभ्यर्थियों के बावजूद चयन सूची में अनियमितताएं हुई हैं. हालांकि, इन आरोपों की अभी तक किसी सक्षम एजेंसी या JPSC की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

2:59 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

उत्तर कुंजी, कटऑफ और परीक्षा प्रक्रिया पर उठाए सवाल

BJMY JPSC Protest: प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि आयोग ने बार-बार संशोधित उत्तर कुंजी जारी की, लेकिन कई सवालों के सही उत्तरों का प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया. छात्रों का कहना था कि जिन प्रश्नों के उत्तर को लेकर विवाद था, उनके संबंध में आयोग को आधिकारिक स्रोत जारी करना चाहिए था. कई अभ्यर्थियों ने यह भी सवाल उठाया कि इस बार प्रारंभिक परीक्षा का कटऑफ सार्वजनिक नहीं किया गया, जबकि पिछली परीक्षाओं में कटऑफ जारी किया जाता रहा है. उनका कहना है कि कटऑफ सार्वजनिक होने से चयन प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता बढ़ेगी.

2:58 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

JPSC पर छात्रों का फूटा गुस्सा, लगाया धांधली का आरोप

BJMY JPSC Protest: रांची में 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आया. JPSC कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन कर परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने दावा किया कि यह किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं, बल्कि अभ्यर्थियों की आवाज है. प्रदर्शनकारियों के हाथों में "मेहनत का सम्मान करो", "अभ्यर्थियों को न्याय दो" और "JPSC सुधर जाए, नहीं तो जनता जवाब मांगेगी" जैसे पोस्टर दिखाई दिए.

2:54 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर लगाया मुद्दों से भटकाने का आरोप

BJMY JPSC Protest: भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया. वहीं कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर राजनीतिक नौटंकी और बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया. दोनों दलों के समर्थकों ने एक-दूसरे के खिलाफ जोरदार नारे लगाए, जिससे सुभाष चौक कुछ समय के लिए राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया.

2:53 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ लगाए नारे

BJMY JPSC Protest: भाजपा कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाते हुए कांग्रेस भवन की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच तीखी जुबानी जंग चली, जिससे पूरे इलाके का माहौल तनावपूर्ण हो गया.

2:44 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

सुभाष चौक पर रुका भाजपा का काफिला

BJMY JPSC Protest: कांग्रेस भवन की ओर बढ़ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सुभाष चौक के पास बैरिकेड लगाकर रोक दिया. एक ओर भाजपा और दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता डटे रहे. दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस बल मौके पर तैनात है.

2:41 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

BJMY JPSC Protest: रांची में भाजपा का प्रदर्शन खत्म, गुरुवार को BJP कार्यालय घेरेगी कांग्रेस

BJMY JPSC Protest: रांची में कांग्रेस भवन के बाहर बुधवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस भवन का घेराव करने पहुंचे और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें "चोर" बताया. जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए "भाजपा चोर है" के नारे लगाए. दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और विरोध जताने के लिए अंडे भी फेंके गए. मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया. घटना के दौरान कुछ देर तक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा.

2:36 PM. 22 Jul 26 11 hrs ago

BJMY JPSC Protest: रांची में बुधवार को JPSC परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और छात्रों ने JPSC कार्यालय का घेराव किया. प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने करीब 1000 जवानों की तैनाती कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी और कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी. इसके बावजूद प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ते हुए JPSC कार्यालय के मुख्य गेट तक पहुंच गए और वहां पार्टी का झंडा लहराकर धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा रद्द करने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. इस दौरान कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और "45 लाख रुपये में पेपर बिकने" जैसे गंभीर आरोप भी लगाए. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित स्थिति बनी रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarvishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >