तमाड़: आजसू पार्टी की रांची जिला समिति 10 अगस्त को तमाड़ प्रखंड के पेड़ाइडीह गांव से झारखंड विधानसभा तक पैदल मार्च निकालेगी. मार्च का नेतृत्व पार्टी के जिला वरीय उपाध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा करेंगे. इस संबंध में शनिवार को उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुंडू को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था की मांग की गयी.
मार्च पेड़ाईडीह, सालगाडीह, बुंडू, नामकुम, डोरंडा, मेकन चौक व बिरसा चौक होते हुए विधानसभा पहुंचेगा. मुख्यमंत्री को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में सालगाडीह-हारिन बाकू कैनाल रोड का निर्माण, तमाड़ में डिग्री कॉलेज की स्थापना, बुंडू में सिविल कोर्ट, जेल व ट्रेजरी का निर्माण, अनुमंडलीय अस्पताल व ट्रॉमा सेंटर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तथा बुंडू बड़ा तालाब सौंदर्यीकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग शामिल है. पार्टी ने मार्च के दौरान सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने का भी प्रशासन से अनुरोध किया है.
