Ranchi News : एचइसी में नवरात्र पर सजेगा रामलीला का रंगमंच

एचइसी परिसर में नौ साल बाद एक बार फिर नवरात्र के दौरान रामलीला का मंचन होगा.

22 सितंबर से होगा शुभारंभ, एक अक्तूबर को रावण वध और रामराज्याभिषेक के साथ समापन

रांची. एचइसी परिसर में नौ साल बाद एक बार फिर नवरात्र के दौरान रामलीला का मंचन होगा. इसका आयोजन एचइसी के रामलीला मैदान में किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश के सीतापुर और हरदोई से आये कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे. समिति के अध्यक्ष कमल ठाकुर ने बताया कि रामलीला मैदान सांस्कृतिक समिति द्वारा इसका आयोजन किया जायेगा. रामलीला का शुभारंभ 22 सितंबर को गणेश पूजन व राम जन्म के साथ होगा. जबकि समापन एक अक्तूबर को रावण वध व रामराज्याभिषेक के साथ किया जायेगा. श्री ठाकुर ने बताया कि एचइसी की खराब आर्थिक स्थिति के कारण जब रामलीला को वित्तीय सहायता बंद कर दी गयी थी, तब युवाओं ने इसकी जिम्मेदारी संभाली. वर्ष 2015 तक लगातार मंचन हुआ, लेकिन उसके बाद बंद करना पड़ा. इसके बाद बड़े पर्दे पर रामानंद सागर के रामायण का प्रदर्शन किया जाने लगा, जिसमें दर्शकों की भीड़ उमड़ती रही. उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब एचइसी की बस धुर्वा और सेक्टर के बीच चलती थी, जो दर्शकों को रामलीला मैदान तक लाती और मंचन के बाद उन्हें घर वापस छोड़ती थी. दशहरा के अवसर पर रांची में रामलीला आयोजन की परंपरा लंबे समय से रही है. विजयदशमी समारोह समिति वर्ष 1967 से इसका आयोजन करती आ रही है. समिति में कोषाध्यक्ष पिकलू चटर्जी, विकास सिंह, जितेंद्र सिंह, राजेश यादव और अमृत पांडेय शामिल हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >