Jharkhand Students Protest, रांची : जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में 14 दिन से चल रहे छात्र आंदोलन में सरकार के साथ बातचीत का रास्ता खुल गया. सरकार की आपत्ति के बाद बातचीत के लिए छात्रों द्वारा बनायी गयी 11 सदस्यीय कमेटी से तीन गैर छात्रों को हटा दिया गया. इसके बाद सरकार की ओर से भी कोई देरी नहीं हुई और करीब 7.50 बजे बातचीत शुरू हुई, जो लगभग डेढ़ घंटे तक चली. मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि सौहाद्रपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई है. छात्रों ने अपनी मांगें रखी सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है.
ठोस निर्णय नहीं हुआ तो विधानसभा घेराव तय
वार्ता में शामिल छात्र प्रतिनिधि रविंद्र पासवान ने बताया कि हम लोगों ने अपना मांग पत्र सरकार को सौंप दिया है. मंत्रियों ने आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों से सीएम को अवगत कराया जायेगा. मंत्रियों ने माना कि यह केवल वर्तमान छात्रों का नहीं, बल्कि आनेवाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा है. रविंद्र ने कहा कि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो 10 अगस्त को निर्धारित विधानसभा घेराव का कार्यक्रम होगा. तब तक आंदोलन जारी रहेगा, स्टेट गेस्ट हाउस में छात्रों के साथ वातों के बाद चारों मंत्री सीधे कांके रोड स्थित सीएम आवास पहुंचे. मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि वार्ता के बाद सीएम को पूरी जानकारी दे दी गयी है. मंत्री ने बताया कि छात्रों के साथ अच्छी बातचीत हुई है. छात्र जेपीएससी से संबंधित कुछ तकनीकी मामले उठा रहे थे. उन पर छात्रों से कहा गया है कि वे अगले दिन इसे लिखित दें. मंत्री ने कहा कि दूसरे दौर की वार्ता भी संभावित है.
ये भी पढ़ें: स्थानांतरण आदेश पर झारखंड राज्य चिकित्सा एवं जन-स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने उठाए सवाल, सरकार से पुनर्विचार की मांग
छात्र सरकार को अपना सुझाव दें : हेमंत सोरेन
सीएम हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को छात्रों के मुद्दे पर कहा कि छात्र सरकार को अपना सुझाव दें. उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों को अपनी बात रखने के लिए सभी जरूरी मंच उपलब्ध कराये हैं. राज्य सरकार उनकी हर समस्या समझना चाहती है. सरकार का दरवाजा खुला है. सीएम ने यह बात विधानसभा में पत्रकारों के सवालों के जवाब में कही. सीएम ने कहा कि सरकार छात्रों की उम्मीदों पर खरा उतरना चाहती है और छात्रों को आगे ले जाने की दिशा में काम कर रही है. सरकार उनकी जरूरतों के हिसाब से चिंताओं और उम्मीदों को पूरा करने के लिए बड़े सुधार की दिशा में काम कर रही है. सीएम ने कहा है कि रांची में मेरे युवा साथियों के साथ-साथ, राज्य के विभिन्न जिलों में रहनेवाले युवाओं और छात्रों के सुझाव भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं. इसलिए सरकार सभी जिलों के छात्र-छात्राओं की राय और सुझाव प्राप्त करेगी, ताकि समाधान व्यापक और समावेशी हो. शीघ्र ही राज्य और देशभर के छात्रों, शिक्षाविदों तथा नीति-निर्माताओं के सुझाव एकत्रित कर, समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुधारों और सकारात्मक बदलावों की दिशा में ठोस कदम उठाये जायेंगे.
ये भी पढ़ें: RIMS में विभागाध्यक्षों के रोटेशन पर ब्रेक, 60 डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री और सचिव को लिखा पत्र
