झारखंड के सांसदों से पीएम ने कहा, क्षेत्र की जनता से मोबाइल से जुड़े रहे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार की सुबह झारखंड, ओड़िशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के भाजपा सांसदों के साथ अपने सरकारी आवास पर बैठक की. नाश्ता पर हुई बैठक में पीएम मोदी ने सांसदों को सलाह दी कि वे मोबाइल के माध्यम से जनता से ज्यादा से ज्यादा जुड़ें. अपने क्षेत्र की जनता से सीधा […]

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार की सुबह झारखंड, ओड़िशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के भाजपा सांसदों के साथ अपने सरकारी आवास पर बैठक की. नाश्ता पर हुई बैठक में पीएम मोदी ने सांसदों को सलाह दी कि वे मोबाइल के माध्यम से जनता से ज्यादा से ज्यादा जुड़ें. अपने क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद कायम करें. उन्होंने यह भी कहा कि अगला लोकसभा चुनाव मोबाइल के जरिये लड़ा जायेगा. इसके लिए जरूरी है कि सांसद सोशल मीडिया पर अपनी गतिविधियां बढाएं. अपने काम-काज व केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को सोशल मीडिया व मोबाइल के जरिये लोगों तक पहुंचाएं.

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री ने विभिन्न राज्यों के सांसदों से संवाद की पहल की है. केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री सुदर्शन भगत ने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री ने जनसंपर्क बढ़ाने और अपने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से दूर करने को कहा. उन्होंने सांसदों को केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में लोगों को जानकारी देने और गरीबों, किसानों, छात्रों के लिए चलायी जा रही योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने को कहा. गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री सड़क योजना की तर्ज पर राज्य में मुख्यमंत्री सिंचाई योजना चलाने और हर खेत को पानी पहुंचाने के लिए प्रयास करने की बात कही.
केंद्र की योजनाओं का लाभ मिले
धनबाद सांसद पीएन सिंह ने कहा कि बैठक के दौरान माहौल काफी अच्छा था और प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों को क्षेत्र के लोगों के संपर्क में रहने और समस्याओं का समाधान करने की नसीहत दी. गिरीडीह सांसद रविंद्र पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सांसदों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उचित लोगों को मिले, इसे सुनिश्चित करने के लिए का प्रयास करने को कहा. जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों के पिछड़ा वर्ग अायोग को लेकर फैलाये जा रहे झूठ से लोगों को अवगत कराने क्षेत्र में सक्रियता से साथ काम करने को कहा. उन्होंने सांसदों की समस्याओं को दूर करने का भरोसा दिया.
छह अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस : छह अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस को लेकर भी बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान चलाया जायेगा. सांसदों को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया है. प्रधानमंत्री सांसदों से बैठक कर जमीनी हकीकत का आकलन कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >