झारखंड में 5.40 लाख से अधिक बने नये वोटर, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने दी ये जानकारी

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 9 नवंबर से 8 दिसंबर 2022 तक चले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 18-19 आयु वर्ग के युवाओं को फोकस किया गया था. पुनरीक्षण के पहले 18-19 आयु वर्ग के कुल 1,69,018 मतदाता थे जबकि अंतिम प्रारूप प्रकाशन में 18-19 आयु वर्ग के 4,33,774 मतदाता हो गये हैं.

Jharkhand News: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि झारखंड में अब मतदाताओं की कुल संख्या 2 करोड़ 45 लाख 29 हजार 841 हो गई है. 9 नवंबर 2022 से 8 दिसंबर 2022 तक चले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2023 के तहत वोटरों की संख्या में कुल 2.7 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है. पिछले प्रारूप प्रकाशन के समय राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 2 करोड़ 39 लाख 89 हजार 481 थी. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत राज्यभर में चले विशेष ड्राइव में कुल 5 लाख 40 हजार 360 नये मतदाता बने हैं. इनमें करीब 96.28 प्रतिशत आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए. उन्होंने कहा कि जनवरी के अंत तक इन नये मतदाताओं को नया वोटर कार्ड उपलब्ध करा दिया जायेगा. वे गुरुवार को धुर्वा के सेक्टर 2 स्थित निर्वाचन सदन सभागार में पत्रकार को संबोधित कर रहे थे.

18-19 आयु वर्ग के वोटरों में 156 प्रतिशत की वृद्धि

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने कहा कि 9 नवंबर से 8 दिसंबर 2022 तक चले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2023 के तहत 18-19 आयु वर्ग के युवाओं को फोकस किया गया था. पुनरीक्षण के पहले 18-19 आयु वर्ग के कुल 1,69,018 मतदाता थे जबकि अंतिम प्रारूप प्रकाशन में 18-19 आयु वर्ग के 4,33,774 मतदाता हो गये हैं. इस प्रकार पुनरीक्षण अवधि में इस आयु वर्ग के मतदाताओं में 156 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुये 2,64,756 नये युवा मतदाता बने हैं.

पुनरीक्षण में मतदाता सूची का लिंगानुपात बढ़कर 946 हुआ

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने कहा कि कुल नये मतदाताओं की बात करें, तो पुरुष मतदाताओं की संख्या में कुल वृद्धि 2,37,872 है, जो लगभग 1.92 प्रतिशत है और महिला मतदाताओं की संख्या में कुल वृद्धि 3,02,406 है, जो लगभग 2.60 प्रतिशत है. पुनरीक्षण में मतदाता सूची का लिंगानुपात बढ़कर 946 हो गया है. राज्य में प्रोजेक्टेड पॉपुलेशन के आलोक में 18+ आयु वर्ग के नागरिकों का अनुपात 63.06 है. EP अनुपात मतदाता जनसंख्या अनुपात के बारे में दर्शाता है, जो कि 18+ की जनसंख्या पर आधारित है. जनवरी 2023 तक अनुमानित जनसंख्या के आधार पर आदर्श EP अनुपात 63.06 है, जबकि पुनरीक्षण के बाद झारखंड का EP अनुपात 59.15 हो गया है.

Also Read: Millets:गरीबों का भोजन रहा मोटा अनाज अमीरों में क्यों हो रहा लोकप्रिय, क्या बोले BAU VC डॉ ओंकार नाथ सिंह

त्रुटियों पर किया जा रहा है कार्य

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली से राज्य की मतदाता सूची में कुल 9,66,314 फोटो एक जैसे मिले हैं. वर्तमान में कुल 19,397 डेमोग्राफिकल सिमिलर इन्ट्री विद्यमान हैं, जिसे सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को उपलब्ध कराते हुये इसकी जांच एवं सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

Also Read: BAU Ranchi News: वैज्ञानिक निष्कर्ष निकालने में कितना अहम है सांख्यिकी, वर्कशॉप में बोले BAU के वैज्ञानिक

Electoral Literacy Club की स्थापना एवं सुदृढ़ीकरण

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने कहा कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित करते हुये Electoral Literacy Club की स्थापना एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है. वर्तमान में राज्य में भावी मतदाताओं के लिये 2,474 तथा युवा मतदाताओं के लिये 412 Electoral Literacy Club का गठन किया गया है. साथ ही 28,248 चुनाव पाठशाला एवं 966 वोटर अवेयरनेस फोरम का गठन किया गया है.

मतदाताओं को मिलेगा नयी डिजाइन का फोटो मतदाता पहचान पत्र

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निदेश के आलोक में राज्य में मतदाताओं को और अधिक सुरक्षा मानकों से युक्त नयी डिजाइन (लैंडस्केप) का फोटो मतदाता पहचान पत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से उपलब्ध कराया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >