झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) में लंबे समय से खाली पड़े करीब 3347 पदों पर बहाली की प्रक्रिया तेज हो गयी है. नवंबर महीने तक नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी. बहाली जूनियर इंजीनियर (जेई), असिस्टेंट इंजीनियर (एई), लाइनमैन, टेक्निकल असिस्टेंट और कार्यालय सहायक समेत कई तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर की जायेगी. इसके लिए नियमावली को अंतिम रूप देने और आवश्यक प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया जारी है. सीएम हेमंत सोरेन ने भी पिछले दिनों समीक्षा बैठक में जल्द से जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया था. साथ ही बहाली की प्रक्रिया पारदर्शी व लीकप्रूफ बनाने का निर्देश दिया था. इसके बाद जेबीवीएनएल ने नियमावली की प्रक्रिया शुरू की है.
राज्य में बिजली वितरण व्यवस्था लंबे समय से अभियंताओं और तकनीकी कर्मियों की कमी से जूझ रही है. कई क्षेत्रों में एक-एक जूनियर इंजीनियर को कई सब-स्टेशनों और फीडरों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है. इसका प्रभाव बिजली आपूर्ति और शिकायतों के त्वरित निबटारे व रखरखाव कार्यों पर भी पड़ रहा है. बड़े पैमाने पर नियुक्ति से बिजली व्यवस्था मजबूत होगी.
इन पदों पर होगी बहाली
सहायक अभियंता (एइ)- 372
कनीय अभियंता- 795
एकाउंटेंट- 180
लाइनमैन, टेक्निकल असिस्टेंट, सहायक, एसबीओ-2000
सभी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश
3000 से अधिक रिक्त पद हैं. सभी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश मुख्यमंत्री के स्तर पर भी दिया गया है. प्रबंधन द्वारा तेजी से इस पर काम किया जा रहा है. नवंबर तक प्रक्रिया आरंभ हो जायेगी.- के श्रीनिवासन, ऊर्जा सचिव सह सीएमडी, ऊर्जा विकास निगम
800 के बदले मात्र 65 जेई के सहारे पूरा जेबीवीएनएल
जेबीवीएनएल में 800 के करीब जेई की जरूरत है, लेकिन इस समय केवल 65 जेई ही काम कर रहे हैं. रांची को ही लें तो यहां 87 सेक्शन हैं. यानी 87 जेई की जरूरत है, पर केवल नौ जेई के सहारे पूरे राजधानी की बिजली व्यवस्था है. वहीं पूरी लाइन को मेंटेन रखने की जिम्मेवारी जेई की ही होती है. सूत्रों के अनुसार, बहाली की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जायेगी. तकनीकी पदों के साथ प्रशासनिक और सहायक श्रेणी के पद भी भरे जायेंगे. कई पदों को प्रोन्नति से भरा जायेगा. शेष के लिए नियुक्ति निकाली जायेगी. बताया गया कि सहायक अभियंता(एइ) के 372 पद, कनीय अभियंता(जेई) के 795, एकाउंटेंट के 180 और लाइनमैन,टेक्निकल असिस्टेंट, सहायक, एसबीओ के 2000 पदों पर नियुक्ति होनी है. नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपभोक्ताओं को बेहतर और तेज सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. साथ ही आउटसोर्सिंग पर निर्भरता भी कम होगी.
