रांची. राज्य में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से अब तक 30620 किमी सड़क का निर्माण हो गया है. वहीं, इन सड़कों पर 13784 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. यह आंकड़ा राज्य में योजना के शुरू होने (वर्ष 2000) से लेकर अब तक का है. राज्य के लिए कुल 33198 किमी सड़क योजनाओं की स्वीकृति दी गयी है. इस तरह करीब 92 प्रतिशत यहां काम हो सका है. 15296 करोड़ रुपये सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत हुए थे. यहां पीएमजीएसवाइ के तीन चरणों व आरसीपीएलडब्ल्यूइ के तहत योजना की स्वीकृति मिली है. इसमें से पहले व दूसरे चरण का काम हो गया है.
तीसरे चरण पर चल रहा काम
पहले चरण में 24916 किमी सड़क योजना की स्वीकृति दी गयी थी. इसे शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया है. वहीं, दूसरे चरण में 1633 किमी की स्वीकृति के विरुद्ध सारी सड़कें बना ली गयी थीं. फिलहाल तीसरे व आरसीपीएलडब्ल्यूइ के तहत स्वीकृत योजनाओं पर काम चल रहा है. राज्य में पीएमजीएसवाइ के तीसरे चरण में 4121 किमी सड़क योजना की स्वीकृति दी गयी है. इसमें से अभी तक 2008 किमी ही सड़क बन सकी है. वहीं, आरपीएलडब्ल्यूइ के तहत 2401 किमी सड़क योजना स्वीकृत की गयी थी. इसमें से 2125 किमी सड़क का निर्माण हो सका है. शेष योजनाओं पर काम चल रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
