झारखंड : मिसिर बेसरा के बॉडीगार्ड शनिचरवा समेत 18 उग्रवादियों ने किया सरेंडर

झारखंड में सुरक्षाबलों के दबाव के चलते 18 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष हथियार डाल दिए हैं. इनमें शीर्ष नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा का करीबी बॉडीगार्ड सनिचरवा भी शामिल है. इस सरेंडर से मिसिर बेसरा की ताकत कमजोर पड़ने की उम्मीद है.

रांची से पंकज त्रिपाठी की रिपोर्ट 

Jharkhand Maoist Surrender: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है. सुरक्षा बलों के लगातार दबाव के बीच राज्य के 18 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष हथियार डाल दिये हैं. सूत्रों के मुताबिक इनमें एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा का करीबी बॉडीगार्ड बताया जाने वाला सनिचरवा भी है. उसने डेढ़ दर्जन साथियों के साथ एके-47 सहित सरेंडर किया है. इनमें 12 से अधिक बड़े हथियार शामिल हैं. हालांकि इस आत्मसमर्पण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पायी है.

18 नक्सलियों के सरेंडर से मिसिर बेसरा को झटका 

सूत्रों के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को जल्द ही रांची स्थित पुलिस मुख्यालय में लाकर औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण कराया जायेगा. अगले 48 घंटे पुलिस इसका खुलासा कर सकती है. आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से अधिकांश कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय थे और मिसिर बेसरा के दस्ते से जुड़े बताये जा रहे हैं. वहीं कुछ पलामू और लातेहार क्षेत्र के हैं. सूत्रों का कहना है कि अपने दस्ते के इतनी बड़ी संख्या में साथियों के सरेंडर करने से मिसिर बेसरा की ताकत काफी कमजोर पड़ चुकी है.

चाईबासा की मुरूम्बुरा गांव के पास मिला था मिसिर का लोकेशन

15 दिन पहले तक मिले लोकेशन के अनुसार मिसिर बेसरा चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र स्थित मुरूम्बुरा गांव की पहाड़ी के पास मौजूद था. उसके साथ 15 लाख के इनामी नक्सली वीरेंद्र हांसदा और मेहनत उर्फ मोछू भी थे. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मिसिर बेसरा अब भी पश्चिम सिंहभूम के जंगली इलाकों में ही डेरा डाले हुए है. हालांकि लगातार हो रहे सरेंडर से उसकी सक्रियता और नेटवर्क दोनों सिमटते जा रहे हैं.

मई में 25 नक्सलियों ने किया था सरेंडर

इससे पहले मई महीने में भी मिसिर बेसरा के दस्ते के 25 नक्सलियों समेत कुल 27 उग्रवादियों ने सरेंडर किया था. इनमें 25 लाख के इनामी सागेन अंगरिया, गांदी मुंडा, नागेंद्र मुंडा, रेखा मुंडा और सुलेमान हांसदा जैसे हार्डकोर नक्सली शामिल थे, जिन्होंने 16 हथियार और 2857 गोलियां पुलिस के हवाले की थीं. वहीं दूसरी ओर एक करोड़ का इनामी असीम मंडल उर्फ आकाश अब सुरक्षाबलों के लिए नयी चुनौती बनकर उभरा है. सूत्रों के मुताबिक वह अपने कुछ साथियों के साथ पूर्वी सिंहभूम जिले लौट आया है और बोड़ाम थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में उसकी गतिविधि देखी जा रही है.

ये भी पढ़ें: हुसैनाबाद में ट्रक से 320 किलो गांजा बरामद, डेढ़ करोड़ से अधिक की खेप जब्त

ये भी पढ़ें: JSSC-JPSC नियुक्तियों की CBI जांच हो, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को मिले सजा : चंपाई सोरेन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >