झारखंड से 1747 हज यात्री रवाना होंगे

झारखंड से इस बार 1747 हज यात्री हज यात्रा पर जा रहे हैं. सफर नौ अथवा 10 मई से शुरू हो रहा है, जो 25 मई तक चलेगा.

By Prabhat Khabar | April 28, 2024 7:41 AM

रांची (राजकुमार लाल) : राज्य से इस बार 1747 हज यात्री हज यात्रा पर जा रहे हैं. इसमें से अधिकतर हज यात्री इस बार लोकसभा चुनाव में वोट देने से वंचित रहेंगे. क्योंकि मतदान के दौरान वह लोग हज के सफर पर रहेंगे. उनका सफर नौ अथवा 10 मई से शुरू हो रहा है, जो 25 मई तक चलेगा. राज्य में इस अवधि तक में तीन चरणों में मतदान होगा. वहीं अंतिम चरण का मतदान एक जून को है, जबकि हज यात्रियों का अंतिम विमान 25 मई तक उड़ जायेगा.इस कारण से सभी मतदान से वंचित रहेंगे.क्योंकि उनके लिए बैलेट वोटिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है. उनका कहना है कि उन लोगों के लिए भी यह सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए थी, ताकि वे लोग भी अपना मतदान कर इस यात्रा में शामिल हो सकें .

रांची से सबसे अधिक 307 हज यात्री हज पर जायेंगे

इस बार सबसे अधिक 307 हज यात्री रांची से हज पर जा रहे हैं. इसमें सबसे अधिक पुरुष शामिल हैं. उनकी संख्या 169 है.वहीं 138 महिलाएं हैं. दूसरे स्थान पर पूर्वी सिंहभूम के लोग हैं. यहां से 136 पुरुष व 121 महिलाएं हैं. तीसरे स्थान पर धनबाद है. यहां से 193 लोग हज पर जा रहे हैं. जिसमें 107 पुरुष व 86 महिलाएं शामिल हैं.

झारखंड के कई हज यात्री विभिन्न जगहों से होंगे रवाना

1300 हजयात्री कोलकाता से, मुंबई से 300 , दिल्ली से 25 और गया से 10 हज यात्री रवाना होंगे. वहीं यहां के आठ हज यात्री बेंगलुरु व हैदराबाद से हज पर जा रहे हैं. इसमें से भी कई लोग मतदान से वंचित रहेंगे. सभी हज यात्री विभिन्न कारणों से दूसरी जगहों से हज पर जा रहे हैं. मालूम हो कि काफी संख्या में लोग इन्हें छोड़ने के लिए गंतव्य एयरपोर्ट तक जाते हैं. रांची से इंबारकेशन प्वाईंट हटा दिये जाने के कारण यहां के लोग कोलकाता के अलावा अन्य जगहों से हज पर जा रहे हैं. वहीं राज्य हज कमेटी के निर्वतमान अध्यक्ष डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त को इस मामले में अवगत करायेंगे, ताकि हज यात्रियों को इसका फायदा मिल सके .

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

Next Article

Exit mobile version