रांची : राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों को भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रोन्नति देने के लिए इस बार दिल्ली के बजाय झारखंड की राजधानी रांची में ही बैठक की जायेगी. भारत सरकार इसके लिए सहमत है.
केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय व संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने तीन मार्च को रांची में बैठक करने पर सहमति जतायी है. इस तरह इस बार अफसरों को आइएएस अफसर के रूप में नियुक्त करने की महत्वपूर्ण बैठक रांची में होगी. कार्मिक मंत्रालय व यूपीएससी की टीम यहां आयेगी. बैठक में राज्य के मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी, कार्मिक के प्रधान सचिव व मुख्य सचिव रैंक के एक अन्य अफसर भी शामिल होंगे. इसमें अफसरों को आइएएस बनाने पर विचार-विमर्श किया जायेगा. फिर किन्हें प्रोन्नति देनी है, इसका निर्णय लिया जायेगा.
जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के 15 अफसरों को आइएएस बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की है. इसके तहत यूपीएससी को तीन गुणा 45 से अधिक नाम भेजे गये हैं. यूपीएससी को दो अफसरों के बारे में कुछ जानकारी हासिल करनी थी.
