शकील अख्तर
रांची : गुमला जिले में गांव-गांव में घूम कर शौचालय बनाने के लिए प्रोत्साहित करनेवाले ने भी अपने मां-बाप के बैंक खाते में 53 लाख रुपये जमा किये.शौचालय घोटाले की जांच के दौरान घोटाले से जुड़े लोगों के रिश्तेदारों के खातों की पड़ताल में इसकी पुष्टि हुई है. इससे पहले शौचालय घोटाले में शामिल कंसल्टेंट द्वारा एक साल में एक करोड़ से अधिक की संपत्ति अर्जित करने और रिश्तेदारों के खातों में पैसे जमा करने का मामला उजागर हो चुका है. फिलहाल इन खातों से निकासी पर रोक लगा दी गयी है.
गुमला में शौचालय घोटाले की जांच में पाया गया कि स्वच्छ भारत मिशन में ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर के रूप में संविदा पर कार्यरत निशांत पांडेय ने अपने मां-बाप के खाते में 53 लाख रुपये जमा किये हैं. उसका काम गांव-गांव घूम कर लोगों को शौचालय बनाने के लिए प्रोत्साहित करना था.
इस काम के लिए उसे हर माह 10 हजार रुपये मानदेय मिलता था. घोटाला उजागर होने के कुछ माह पहले ही सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गयी. बैंक के सीसीटीवी फुटेज की जांच में पाया गया कि निशांत भी फर्जी हस्ताक्षर कर स्वच्छ भारत मिशन का पैसा निकालनेवालों में शामिल है.
उसके द्वारा बैंक में फर्जी पेमेंट एडवाइस जमा कराये जाने की जानकारी मिली. इसके बाद उसके रिश्तेदारों के बैंक खातों की जांच शुरू हुई.
मां के खाते में 12.25 लाख और पिता के खाते में 44.50 लाख : जांच में पाया गया कि निशांत की मां के केनरा बैंक (4899XXXXX3385) और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया स्थित खाते में शौचालय का पैसा जमा किया गया है. जनवरी 2020 को उसकी मां विद्या मिश्रा के खाते में 12.25 लाख रुपये बैलेंस पाया गया. वह एनजीओ भी चलाती हैं और जेट्रोफा घोटाले में अभियुक्त भी रह चुकी हैं.
निशांत के पिता तारकेश्वर पांडेय के केनरा बैंक स्थित खाता(4899XXXXX4057) में छह दिन में 44.50 लाख रुपये जमा किये गये. इस खाते में चेक के अलावा जल स्वच्छता समिति के माध्यम से पैसा जमा किया गया है. बैंक खातों की जांच में इसकी पुष्टि हुई है कि ग्राम स्वच्छता समिति ने शौचालय निर्माण के लिए तारकेश्वर पांडेय के खाते में पैसे ट्रांसफर किया है. ग्राम स्वच्छता समिति ने एक जुलाई को तीन बार में कुल सात लाख और नौ जुलाई 2019 को दो बार में 10.50 लाख रुपये तारकेश्वर पांडेय के खाते में ट्रांसफर किया.
बैंक खातों से निकासी पर लगा दी गयी है रोक
पिता के खाते में जमा पैसा (लाख में)
तिथि राशि
31-5-2019 1.00
31-5-2019 3.00
4-6-2019 1.00
4-6-2019 2.00
24-6-2019 3.00
25-6-2019 4.50
24-6-2019 2.00
28-6-2019 2.00
28-6-2019 2.00
28-6-2019 3.00
28-6-2019 4.50
1-7-2019 3.00
1-7-2019 2.00
1-7-2019 2.00
9-7-2019 5.25
9-7-2019 5.25
मां के खाते में जमा (लाख में)
16-10-2018 4.00
16-10-2018 1.20
28-2-2019 1.70
3-3-2019 3.00
