महेंद्रा फाइनेंस के बिजनेस एक्जीक्यूटिव की गोली मार कर हत्या
रांची : किशोरगंज रोड नंबर पांच में भाड़े के मकान में रहनेवाले महेंद्रा फाइनेंस के बिजनेस एक्जीक्यूटिव मुकेश जालान की गुरुवार रात गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. दो बाइक पर आये छह अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही पूरे मोहल्ले में मातम छा गया. बूढ़े पिता पन्ना लाल जालान बार-बार बेहोश हो जा रहे हैं. घटना के बाद से ही उनका स्वास्थ्य खराब है.
वह बस एक ही बात बोले जा रहे हैं- मुकेश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, तो उसकी हत्या क्यों की? मुकेश की चार माह की गर्भवती पत्नी रेखा जालान को शुक्रवार सुबह तक पति की मौत की जानकारी नहीं दी गयी थी. पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंंचा, तो उसे पति के मौत का पता चला. उसके भी आंसू रूक नहीं रहे थे.
वह रोते-रोते बेसुध हुए जा रही थी. वहीं, हत्या के कारणों का अब तक कुछ खुलासा नहीं हो पाया है. इधर, एसएसपी अनीश गुप्ता ने मामले की जांच के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया है. टीम में कोतवाली डीएसपी, सिटी डीएसपी व सदर डीएसपी तथा कोतवाली, हिंदपीढ़ी व सुखदेवनगर थाना प्रभारी को रखा गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
वहीं, सीडीआर व डीवीआर की जांच टेक्निकल टीम कर रही है. इधर, देर शाम मृतक के पिता के बयान पर सुखदेवनगर थाने में अज्ञात छह अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
दाहिने कंधे में लगी थी गोली, दिल में फंस गयी : पोस्टमार्टम से मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश जालान को दाहिने कंधे में पीछे से .315 की गोली मारी गयी थी. जो उनके दिल के पास फंस गयी थी. चिकित्सकाें के अनुसार, दिल के पास गोली फंसने के कारण ही मुकेश की मौत हुई.
गाड़ीखाना में बन रहा है अपार्टमेंट : मुकेश जालान का मूल घर गाड़ीखाना में भुइयांटोली जानेवाले रास्ते में है. वहां अपार्टमेंट बन रहा है. इसलिए आठ सालों से वे लोग किशोरगंज रोड नंबर पांच में शंभू कुमार के मकान में दूसरे तल्ले पर रह रहे हैं.
लोगों ने समझा कि दुर्घटना हुई है : मुकेश जालान अपने गाड़ीखाना स्थित दुकान से पैदल ही किशोरगंज रोड नंबर पांच स्थित किराये के मकान में जा रहे थे़ जब वह किशोरगंज रोड नंबर-एक पहुंचे, तभी दो बाइक पर आये छह अपराधियों ने उन्हें एक गोली मार दी. वह गिर गये. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी घरवालों को दी.
थोड़ी देर वह रोड पर गिरे रहे. बाद में लोगों की मदद से घरवालों ने उन्हें पहले सेवा सदन अस्पताल में भरती कराया. उस समय तक सब को यही लग रहा था कि वह दुर्घटना में घायल हुए हैं. सूचना मिलते ही जब पुलिस पहुंची, तो पता चला कि उन्हें गोली लगी है. सेवा सदन से मुकेश को आॅर्किड अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. तब सुखदेवनगर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को रिम्स भेज दिया.
बड़े भाई ने दी मुखाग्नि : हरमू मुक्ति धाम में शुक्रवार को मुकेश जालान का अंतिम संस्कार किया गया. बड़े भाई सुरेश जालान ने मुखाग्नि दी.
बड़े भाई कोलकाता में रहते हैं. पंद्रह दिन पहले ही मुकेश की मां विमला देवी जालान कोलकाता गयी थीं. गुरुवार रात ही उन्हें सूचना दी गयी थी. जानकारी मिलने के बाद मां-बेटा कोलकाता से रांची पहुंचे. मुकेश दो भाई व तीन बहनों में दूसरे नंबर था. अंतिम संस्कार में झामुमो नेता महुआ माजी भी पहुंचीं.
इधर, घटना की जानकारी के बाद ओवरब्रिज स्थित महेंद्रा फाइनेंस कंपनी के सर्किल हेड मनोज सिन्हा, स्टेट हेड ओपी सिंह, संजीत शुक्ला, एरिया मैनेजर राजीव कुमार, राजन श्रीवास्तव व अन्य पोस्टमार्टम के दौरान रिम्स व उसके बाद मुक्ति धाम पर मौजूद रहे.
