रांची : झारखंड पुलिस के 80 हजार कर्मियों को फरवरी के वेतन के साथ एक माह का अतिरिक्त वेतन देने की तैयारी चल रही है. सितंबर 2019 में सरकार ने चतुर्थ वर्ग से लेकर इंस्पेक्टर तक को एक माह का अतिरिक्त वेतन (मूल वेतन+महंगाई ) के समतुल्य मानदेय भुगतान करने का आदेश शर्तों के साथ जारी किया था.
इस संबंध में झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने सीएम को पत्र लिखा है. कहा है कि पुलिसकर्मी को अवकाश के दिनों में राजपत्रित बंदी, त्योहारों, किसी भी प्रकार की आकस्मिक विधि व्यवस्था जैसे कठिन कार्यों का निर्वहन करने के एवज में मनोबल बढ़ाने के लिए एक माह का अतिरिक्त वेतन दिया गया था. झारखंड पुलिस के अधिकांश कर्मियों के लिए विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण आदेश पारित होते रहते हैं. इन शर्तों के कारण सूबे के 80 हजार पुलिसकर्मियों के मनोबल पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
उन्होंने सरकार से मांग की कि दिये गये शर्तों के प्रावधान में संशोधन किया जाये. आइआरबी के अध्यक्ष संदीप कुमार व सरोज कुमार सुमन ने बताया कि सरकार की शर्तों पर जारी संकल्प का संशोधन 10 दिनों में नहीं किया गया, तो कई पुलिसकर्मियों को एक माह का अतिरिक्त वेतन नहीं मिल पायेगा.
