रांची : ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने फिलहाल मनरेगा के सोशल अॉडिट पर रोक लगाने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा है कि मामले की पूरी जांच करायी जायेगी. ठीक से सारे मुद्दे को देखा जायेगा.
उन्होंने कहा कि जो भी शिकायतें मिली हैं, उसे देख लिया जायेगा, फिर इस पर अंतिम निर्णय लिया जायेगा. अच्छे से विचार-विमर्श के बाद अॉडिट कैसे हो, इस पर विचार किया जायेगा. उन्होंने कहा कि अॉडिट तो कराना ही है, लेकिन किस तरह से अॉडिट करायी जाये, इस पर आगे निर्णय लेंगे. कहा कि इसे लेकर कई तरह की शिकायतें हैं, लेकिन उसे देखना होगा. जानकारी के मुताबिक तीन फरवरी को चार विधायकों ने पत्र लिख कर मनरेगा के सोशल अॉडिट पर रोक लगाने की अनुशंसा की थी.
विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों के उपायुक्तों को पत्र लिखा था. इसमें कहा गया था कि मनरेगाकर्मियों की शिकायत है कि अभी की व्यवस्था से जो सोशल अॉडिट हो रहा है, उसमें कई त्रुटियां हैं. इससे कर्मियों को तंग किया जा रहा है. ऐसे में सोशल अॉडिट का काम जेएसएलपीएस के बजाय ग्राम सभा से करायी जाये.
