एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर निकालते थे पैसे, गिरोह का एक अपराधी पकड़ाया
रांची : डोरंडा थाना की पुलिस ने एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर रुपये निकालने वाले गिरोह के सदस्य अभिषेक बसंत नामक युवक को रविवार को गिरफ्तार किया है. वह मूल रूप से हजारीबाग जिला के इचाक थाना क्षेत्र के दुवकुली का रहनेवाला है. वह वर्तमान में कांके थाना क्षेत्र के जयपुर कोंगे स्थित अपने दोस्त के घर के घर छिपा हुआ था. पुलिस जब छापेमारी करने पहुंची तो छत से कूद गया था. इस कारण घायल भी हो गया. उसकी पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई थी. वह साइबर फ्रॉड करनेवाले नवादा और गया के गिरोह से जुड़ा है. उसने गिरोह में शामिल छह-सात सदस्यों के नाम भी बताये हैं. उनके बारे में पुलिस सत्यापन करने का प्रयास कर रही है.
उसने बताया कि गिरोह के सदस्य एटीएम कार्ड की क्लोनिंग के लिए ऑनलाइन डिवाइस खरीदते हैं. इसके बाद किसी पुराने एटीएम में फिट कर देते हैं. डिवाइस में कार्ड रीडर लगा रहता है. इससे जो लोग एटीएम का प्रयोग करते हैं, उनके पिन और कार्ड नंबर के बारे में पता चल जाता है. गिरोह के सदस्य पुराने एटीएम कार्ड को 200 रुपये में खरीदते हैं. इसके बाद उसी एटीएम कार्ड में क्लोनिंग किये गये पिन नंबर और कार्ड नंबर के आधार पर नया एटीएम कार्ड तैयार कर निकासी और शॉपिंग की जाती है.
जानकारी के अनुसार गणेश कुमार की शिकायत पर पूर्व में 40 हजार रुपये साइबर फ्रॉड को लेकर डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. उनके एटीएम कार्ड का क़्लाेन तैयार कर 22 दिसंबर 2019 को निकासी हुई थी. इसके अलावा शॉपिंग भी की गयी थी. इसी केस में एटीएम से रुपये निकालने वाले आरोपी अभिषेक बसंत की पहचान एटीएम में लगे सीसीटीवी के फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर हुई थी.
