रांची : सीएए व एनआरसी के विरोध के राज्य के कई जिलों में मुस्लिम बहुल इलाकों में लोग विद्यालय शिशु पंजी को अपडेट करने में भी सहयोग नहीं कर रहे हैं. लोग किसी प्रकार की जानकारी देने से इनकार कर रहे हैं.
इससे तय तिथि के अंदर विद्यालय स्तर पर शिशु पंजी को अपडेट करने का कार्य पूरा नहीं हो सका है. झारखंड शिक्षा परियोजना ने विद्यालय स्तर पर शिशु पंजी अपडेट करने की तिथि 31 जनवरी तक बढ़ा दी है. धनबाद में लोगों द्वारा जानकारी नहीं देने की सूचना जिला स्तर से झारखंड शिक्षा परियोजना को भी दी गयी है.
शिक्षा परियोजना द्वारा संबंधित जिला को निर्देश दिया गया है कि वे बीआरपी-सीआरपी के माध्यम से लोगों को शिशु पंजी को अपडेट करने के बारे में जानकारी दें. इसके बारे में लोगों को बताने को कहा गया है. उल्लेखनीय है कि शिक्षक विद्यालय शिशु पंजी अपडेट करने के लिए लोगों के घर जाते हैं. परिवार के तीन से 18 वर्ष तक सदस्य के बारे में विद्यालय जाने व उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी लेते हैं.
धनबाद में लोगों द्वारा जानकारी नहीं देने की सूचना झारखंड शिक्षा परियोजना को दी गयी
झारखंड शिक्षा परियोजना ने 31 जनवरी तक बढ़ायी पंजी अपडेट करने की तिथि
प्रखंड स्तर पर सात तक तैयार होगी रिपोर्ट
विद्यालय स्तर पर शिशु पंजी अपडेट करने का कार्य पूरा होने के बाद इसे प्रखंड स्तर पर समेकित किया जायेगा. प्रखंड स्तर पर सात फरवरी तक रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है. 11 फरवरी तक जिला स्तर पर शिशु पंजी की समेकित रिपोर्ट तैयार की जायेगी. जिला को 14 फरवरी तक रिपोर्ट झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय को भेजने को कहा गया है.
