रांची : दशहरा एवं दीपावली के दौरान एसडीओ लोकेश मिश्रा द्वारा शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों से जांच के लिए मिठाई का सैंपल लिया गया था. इसमें से तीन दुकानों के सैंपल में हानिकारक केमिकल पाया गया है. जांच रिपोर्ट के संबंध में एसडीओ ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर दुकानों के मालिकों को शो कॉज किया जायेगा. उसके बाद कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
ज्ञात हो कि एसडीओ द्वारा मेन रोड, हरमू बाइपास रोड तथा शहरी क्षेत्र की नौ दुकानों से सैंपल लिया गया था, जबकि 30 दुकानों के सैंपल की जांच ऑन द स्पॉट की गयी थी.
स्टेट फूड लैब में करायी गयी जांच : सैंपल को जांच के लिए स्टेट फूड लैब नामकुम भेजा गया था. जांच के बाद मंगलवार को फूड एनालिस्टों ने यह रिपोर्ट एसडीओ को सौंपी.
इन दुकानों के सैंपल में पाया गया केमिकल : जोधपुर मिष्ठान भंडार सहजानंद चौक हरमू व मां तारा स्वीट्स पिस्का मोड़ के लड्डू के सैंपल में हानिकारक रंग पाया गया. इसके अलावा अशोक नगर के पहलवान होटल से लिये गये हल्दी पाउडर के सैंपल में भी हानिकारक पदार्थ पाया गया.
