आते ही अपराधियों ने भिड़ायी पिस्तौल
व्यवसायी के पुत्र को पिस्तौल की बट से मार कर किया घायल
चान्हो : थाना क्षेत्र में नून्हू गांव के निकट मंगलवार को दिनदहाड़े लूट की घटना हुई. बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर धान व्यवसायी पिता-पुत्र कालीचरण साहू व शंभु कुमार साहू से करीब 18 हजार रुपये लूट लिया. इस दौरान अपराधियों ने दोनों से मारपीट भी की. एक अपराधी के पिस्तौल की बट के वार से घायल शंभु साहू का इलाज मांडर रेफरल अस्पताल में चल रहा है. घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है.
पिस्तौल सटाकर दी जान मारने की धमकी
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चोरेया निवासी पिता-पुत्र नुन्हू गांव के निकट रास्ते में प्लास्टिक बिछाकर धान की खरीदारी कर रहे थे.
इसी दौरान वहां बाइक सवार तीन अपराधी पहुंचे. बाइक से उतरते ही दो अपराधियों ने शंभु कुमार साहू के पेट में दोनों ओर से पिस्तौल सटाकर गोली मारने की धमकी देकर उससे 17 हजार रुपये लूट लिया. एक अपराधी ने शंभु के सिर व गाल पर पिस्तौल के बट से वार कर दिया. इसके बाद अपराधियों ने कालीचरण साहू के साथ भी लप्पड़-थप्पड़ की. उनसे एक हजार रुपये छीन लिया व धमकाते हुए बाइक से नुन्हू की ओर फरार हो गये. भुक्तभोगियों के मुताबिक दो अपराधी कपड़ा से मुंह बांधे हुए थे जबकि एक का चेहरा खुला था.
