रांची : पिठोरिया इलाके में झारखंड बादशाह गिरोह के नाम पर जमीन कारोबारियों से रंगदारी मांगी गयी है. इसके लिए लोहारिया पाड़ा मुहल्ला में बिजली के पोल पर पोस्टर भी चिपकाया गया है. साथ ही रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गयी है.
पोस्टर में लिखा हुआ है कि सभी जमीन कारोबारियों को पांच हजार रुपये प्रति डिसमिल के हिसाब से संगठन को रंगदारी देनी होगी, अन्यथा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें. पोस्टर में एक मोबाइल नंबर और संगठन के सुप्रीमो का नाम भी लिखा गया है. रविवार की सुबह जब कुछ लोगों की नजर पोस्टर पर पड़ी, तब लोगों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने बिजली के पोल पर चिपकाये गये पोस्टर को जब्त कर लिया है.
मामले में ग्रामीण एसपी ने बताया कि मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी के बारे में पता किया जा रहा है. इधर पिठाेरिया पुलिस का कहना है कि पहले से इलाके में इस नाम के किसी गिरोह के सक्रिय होने की बात सामने नहीं आयी है. जिस इलाके में पोस्टर चिपकाया गया है उसे इलाके में कई जमीन कारोबार काम कर रहे हैं. ऐसे में हो सकता है कि किसी असामाजिक तत्व ने यह काम सिर्फ जमीन कारोबारियों को परेशान करने या किसी बात का बदला लेने के लिए किया हो. वैसे पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. साथ ही इलाके में लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखने का भी काम कर रही है.
