मांडर : नशे में था चालक, स्कूल बस पलटी, दर्जन भर बच्चे जख्मी

ब्राइट फ्यूचर की थी बस, बरगड़ी के पास हुई घटना मांडर : शराब के नशे में धुत चालक के कारण मंगलवार को ब्रांबे स्थित ब्राइट फ्यूचर स्कूल की बस बरगड़ी गांव के निकट पलट गयी. जिससे बस में सवार एक दर्जन बच्चे घायल हो गये. बस में लगभग 30 बच्चे थे. घटना दोपहर करीब तीन […]

ब्राइट फ्यूचर की थी बस, बरगड़ी के पास हुई घटना
मांडर : शराब के नशे में धुत चालक के कारण मंगलवार को ब्रांबे स्थित ब्राइट फ्यूचर स्कूल की बस बरगड़ी गांव के निकट पलट गयी. जिससे बस में सवार एक दर्जन बच्चे घायल हो गये. बस में लगभग 30 बच्चे थे. घटना दोपहर करीब तीन बजे की है. बताया जा रहा है कि बस (जेएच01सी-8720) छुट्टी के बाद प्रतिदिन की तरह बच्चों को लेकर ब्रांबे से ठाकुरगांव जा रही थी. बस में करंजटोली, बरगड़ी, चुंद, कन्नौज, ठाकुरगांव, मोहनपुर सहित अन्य गांवों के कक्षा यूकेजी से दसवीं तक के बच्चे थे. बस ठाकुरगांव का ही सुखदेव उरांव चला रहा था.
छात्रों के अनुसार बस ब्रांबे से निकलने के बाद पहले करंजटोली गयी.
वहां कुछ बच्चों को उतारने के बाद बरगड़ी की ओर जाने लगी. इसी क्रम में एक जगह असंतुलित हो गयी थी, जिससे वे काफी डर गये. बरगड़ी में बच्चों को उतारने के बाद बस वापस ठाकुरगांव लौटने लगी. बस गांव से आधा किमी दूर थी, तभी अनियंत्रित होकर सड़क से सात-आठ फीट नीचे खेत में पलट गयी. बस पलटने से चीख-पुकार मच गयी.
बच्चों की आवाज सुन कर लोग पहुंचे. ग्रामीणों के अलावा बड़े छात्रों ने किसी तरह बस के अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला. इस बीच सूचना मिलने पर वहां मांडर पुलिस व अभिभावक भी पहुंच गये. घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया. हादसे में बस में सवार अन्य बच्चों को मामूली चोटें आयी है. वहीं दुर्घटना के बाद भी सुखदेव उरांव नशे में धुत पड़ा हुआ था. मांडर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
किस क्लास के विद्यार्थी हुए घायल
बुढ़मू ठाकुरगांव का अभिषेक कुमार (आठ), आदित्य कुमार व मणिमुग्धा (नौ), उमा कुमारी व निक्की कुमार (सात), शुभाशीष कुमार (10), आदित्य अर्पित व चुंद की स्नेहा कुमारी (चार), मोहनपुर के तलत अर्शी (छह) व सना अर्शी (यूकेजी), सृष्टि कुमारी (तीन) तथा कन्नौज की प्रीति कुमारी (दो) घायल हुए हैं. अभिषेक कुमार व आदित्य कुमार को गंभीर चोट आयी है. दोनों को जसलोक अस्पताल, रांची में भर्ती कराया गया है. जबकि अन्य का इलाज ब्रांबे स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >