रांची : लालपुर थाना क्षेत्र में वीमेंस कॉलेज के पास एक छात्रा का पर्स छीनकर एक शराबी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए शराबी को पकड़ लिया और थप्पड़ जड़ दिया. इसी बीच उसकी सहेली ने कुछ दूरी पर मौजूद पीसीआर को इसकी सूचना दे दी. मौके पर पहुंचकर पीसीआर जवानों ने शराबी को कब्जे में ले लिया. घटना सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे की है.
इस संबंध में छात्रा समीक्षा सिन्हा के पिता प्रवीण प्रियदर्शी (मीडियाकर्मी) ने बताया कि कॉलेज में इंटर का रजिस्ट्रेशन चल रहा है. समीक्षा भी रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कॉलेज गयी हुई थी. कॉलेज में उससे कहा गया कि चालान कम है. इसलिए चालान की फाॅटो कॉपी कर ले आये.
समीक्षा अपनी सहेली के साथ चालान का फोटोकॉपी करने के लिए कॉलेज के पास स्थित एक दुकान पर गयी थी. जेरॉक्स करा वापस आने के क्रम में समीक्षा का पर्स छीन शराबी भागने की कोशिश करने लगा. इस पर समीक्षा ने शराबी को पकड़कर थप्पड़ जड़ दिया. उसकी बहादुरी की सभी ने सराहना की. समीक्षा सदर थाना क्षेत्र के सुंदर विहार कॉलोनी में रहती है.
