एक-एक पुलिसकर्मी ने लिया दो से तीन पैकेट प्याज, हुई परेशानी

प्रति व्यक्ति को एक पैकेट यानी दो किलो ही प्याज मिलना है रांची : सस्ती दर पर प्याज खरीदने को लेकर रविवार को भी शहर की विभिन्न जगहों पर लोगों की भीड़ रही. पहले प्याज खरीदने के चक्कर में लोग आपस में एक-दूसरे से उलझते भी रहे. रविवार को पंडरा बाजार समिति गेट के निकट, […]

प्रति व्यक्ति को एक पैकेट यानी दो किलो ही प्याज मिलना है

रांची : सस्ती दर पर प्याज खरीदने को लेकर रविवार को भी शहर की विभिन्न जगहों पर लोगों की भीड़ रही. पहले प्याज खरीदने के चक्कर में लोग आपस में एक-दूसरे से उलझते भी रहे. रविवार को पंडरा बाजार समिति गेट के निकट, जिला स्कूल मैदान, कांके रोड स्थित कृषि भवन, पिस्का मोड़, कटहल मोड़ और काठीटांड़ स्थित हाजी चौक के निकट प्याज की बिक्री की गयी. विभिन्न जगहों पर आम लोगों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी प्याज खरीदने में पीछे नहीं रहे.
जैसे-जैसे पता चल रहा था, लोग प्याज की खरीदारी के लिए पहुंच रहे थे. एक अधिकारी अपने फोर्स के साथ कहीं जा रहे थे. पता चला कि प्याज की बिक्री हो रही है, तो वे भी स्थल पर पहुंच गये. एक-एक पुलिसकर्मी दो से तीन पैकेट प्याज ले रहा था, जबकि एक व्यक्ति को दो किलो (यानी एक पैकेट) प्याज ही देना है. इस कारण बिस्कोमान के कर्मियों को कई बार परेशानी भी हुई. बिस्कोमान के प्रभारी पदाधिकारी (गोदाम) धीरेंद्र कुमार ने कहा कि रविवार को कुल 30,000 किलो प्याज की बिक्री हुई. ज्ञात हो कि बिस्कोमान और नेफेड के माध्यम से 35 रुपये प्रति किलो की दर पर प्रति व्यक्ति दो किलो प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है.
आज इन जगहों पर प्याज की होगी बिक्री : सोमवार को डोरंडा, बूटी मोड़, रातू स्थित कोल्ड स्टोरेज के निकट, सुजाता चौक, धुर्वा, कोकर बैंक कॉलोनी, कोकर चूना भट्ठा, सिंह मोड़, अरगोड़ा चौक, रिम्स के पास व कचहरी चौक के निकट सस्ती दर पर प्याज की बिक्री की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >