सांसद, डीसी से शिकायत करने का लिया निर्णय
रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स की एफएमसीजी ट्रेड उप समिति के चेयरमैन संजय अखौरी ने कहा कि ऑनलाइन कारोबार करनेवाली कंपनियां अनियमितता कर अपना बिजनेस चमका रही हैं.
श्री अखौरी ने गुरुवार को व्यवसायियों के साथ हुई बैठक में कहा कि देश में एफएमसीजी कारोबार से जुड़े व्यवसायी 65 प्रतिशत टैक्स जमा करते हैं, जबकि ई-कामर्स से जुड़ी कंपनियां अपने लुभावने ऑफर के जरिए कारोबार में गलत रास्ता अपना रही हैं. इसकी शिकायत जल्द ही स्थानीय सांसद और उपायुक्त से की जायेगी. संजय अखौरी ने कहा कि बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों का वैश्विक बाजार है और उनके पास निवेश करने की अकूत क्षमता है. वह भारी छूट देकर लंबे समय तक घाटा बर्दाश्त कर सकती हैं तथा अपने उत्पादों के लिए बड़ा बाजार बना सकती हैं.
इससे घरेलू व्यवसायी, चाहे वे ई-कॉमर्स में हों या खुदरा दुकान चलाते हों, तबाह हो जाते हैं. बैठक में मौजूद टेडर्स ने अपनी समस्यायों को सामने रखते हुए कहा कि विदेशी कंपनियां बड़े पैमाने पर माल खरीदकर स्कीम लांच करती हैं. इससे उपभोक्ता उनकी ओर आकर्षित होते हैं. बैठक में चेंबर महासचिव धीरज तनेजा, संजय मोदी, मुकेश शर्मा और विजय भाटिया आदि मौजूद थे.
