रांची : छठ घाट तैयार, व्रतियों का इंतजार, बड़ा तालाब के आधे हिस्से में नहीं होगा छठ

रांची : महापर्व छठ को लेकर शहर के लगभग सभी तालाबों की सफाई कर ली गयी है. कई तालाबों आकर्षक लाइट से सजाया गया है. घाटों को श्रद्धालुओं के लिए तैयार करने के लिए नगर निगम पिछले कई दिनों से सफाई अभियान चला रहा था. गुरुवार को निगम के अधिकारियों ने छठ घाटों का जायजा […]

रांची : महापर्व छठ को लेकर शहर के लगभग सभी तालाबों की सफाई कर ली गयी है. कई तालाबों आकर्षक लाइट से सजाया गया है. घाटों को श्रद्धालुओं के लिए तैयार करने के लिए नगर निगम पिछले कई दिनों से सफाई अभियान चला रहा था. गुरुवार को निगम के अधिकारियों ने छठ घाटों का जायजा लिया. घाटों की सफाई से निगम के अधिकारी संतुष्ट दिखे.
छठ को लेकर निगम द्वारा इस बार 70 ऐसे घाटों की सूची तैयार की गयी थी, जहां लोग अर्घ्य देने के लिए जुटते हैं. कांके डैम, टिकली टोला, मिशन गली, हातमा बस्ती तालाब, एदलहातू तालाब, दिव्यायन तालाब, तेतर टोली बस्ती, बड़गाईं तालाब, भरमटोली तालाब, पीएचइडी तालाब, न्यू नगर बांधगाड़ी, जुमार नदी, तिरिल तालाब, जोड़ा तालाब बरियातू, यूनिवर्सिटी तालाब, डिस्टिलरी तालाब, टुनकी टोला तालाब, सामलौंग बस्ती तालाब, धुमसा टोली तालाब, स्वर्णरेखा घाट नामकुम, मकचुंद टोली, केतारी बागान, पावर हाउस चुटिया, कमरू तालाब, खिजुरिया तालाब, स्वर्णरेखा घाट केतारी बागान, चडरी तालाब, जेल तालाब, करमटोली तालाब, हटनिया तालाब, कडरू बस्ती तालाब, जनता फ्लैट चाला नगर, एलआइजी तालाब, कटहल गोंदा, देवी मंडप सरोवर नगर, भट्ठा गढ़ा कांके डैम, हेहल तालाब, गंगा नगर, हरमू नदी, विद्या नगर तालाब हरमू, अरगोड़ा बस्ती तालाब, पुंदाग बस्ती, अलकापुरी, जगन्नाथपुर बस्ती तालाब, नया टोला बस्ती तालाब, छोटा डैम, धुर्वा डैम, शालीमार तालाब, बटन तालाब, पावर हाउस चुटिया तालाब, बड़ा तालाब आदि की सफाई की गयी.
गहरे पानी में न जायें व्रती
छठ दौरान किसी प्रकार की अनहोनी न हो. इसके लिए नगर निगम द्वारा शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों में बैरिकेडिंग करायी रही है. इसके अलावा आगे खतरा है का नोटिस बोर्ड भी लिखा हुआ दिखेगा. निगम की स्वास्थ्य शाखा ने व्रतियों व श्रद्धालुओं से गहने पानी में नहीं जाने की अपील की़ आकर्षक लाइटिंग की गयी : छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए रांची नगर निगम सहित विभिन्न पूजा समितियों द्वारा छठ घाटों में आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है. कई घाटों की लाइटें तो गुरुवार रात से ही जला दी गयीं.
गलियों में जमा कचरे का उठाव करें: मंत्री
रांची : नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने गुरुवार को शहर के छठ घाटों का जायजा लिया. इस दौरान मंत्री ने निगम के अधिकारियों से कहा कि घाटों की सफाई व्यवस्था अच्छी है, लेकिन गलियों में अब भी कचरे का ढेर लगा है. इसलिए अभियान चलाकर गलियों में जमा कचरे का उठाव कराने का निर्देश दिया. मौके पर मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय सहित निगम के अधिकारी उपस्थित थे.
निरीक्षण के क्रम में मंत्री ने आदेश दिया कि छठ घाट व उसे जोड़नेवाले रास्तों में जहां-जहां लाइट नहीं है, वहां तत्काल लाइट लगायें. वहीं खराब लाइटों को दुरुस्त करायें. छठ व्रती देर रात तक घर लौटते हैं. इसके अलावा सुबह में दो बजे से ही घाटों पर आगमन शुरू हो जाता है. इसलिए ऐसी व्यवस्था बनायें कि किसी को यहां तक आने में परेशानी न हो. मंत्री ने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन छठ घाटों की गहराई अधिक है, वहां पर बांस से बैरिकेडिंग करायी जाये.
सरकारी कार्यालयों में पसरा सन्नाटा
रांची : झारखंड मंत्रालय में गुरुवार को कर्मचारियों व अधिकारियों की उपस्थिति काफी कम रही. प्रोजेक्ट भवन सचिवालय व नेपाल हाउस दोनों जगह यह स्थिति देखने को मिली. एक आकलन के मुताबिक 50 से 60 फीसदी ही कर्मी कार्यालय आये. काफी कम संख्या में अधिकारी भी चेंबर में दिखे. कर्मियों के सेल में आधी कुर्सियां खाली थी. इस वजह से सामान्य दिनों की अपेक्षा सचिवालय में गहमा-गहमी कम रही. बताया गया कि कर्मी अवकाश लेकर छठ मनाने चले गये हैं.
हर साल रहती है यह स्थिति : झारखंड सचिवालय में हर साल यही स्थिति रहती है. बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी व अधिकारी हैं, जिनका अपना घर बिहार के विभिन्न जिलों में है. ऐसे में जिनके घरों में छठ होती है, वे छुट्टी लेकर बिहार चले जाते हैं. बड़ी संख्या में ऐसे भी कर्मी हैं, जिनका घर झारखंड के विभिन्न जिलों में हैं. उनके घरों में भी छठ होती है. इस वजह से नहाय-खाय या खरना के दिन से वे छुट्टी पर चले जाते हैं.
छठ घाटों पर लूज तारों की केबलिंग करायेगा विभाग
छठ के दौरान बिजली की समस्या न हो, इसको लेकर बिजली विभाग ने तैयारी की है. इसको लेकर अलग से टीम बनायी गयी है. अधीक्षण अभियंता प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने रांची जिले के करीब डेढ़ सौ छठ घाटों को चिह्नित कर वहां विशेष तैयारी करने का निर्देश दिया. छठ घाटों पर लूज तारों को लेकर केबलिंग करने को कहा है. बिजली मिस्त्री की भी तैनाती की जायेगी. हर घाट पर एक बिजली मिस्त्री तैनात रहेंगे.
सबसे अधिक भीड़ बड़ा तालाब, कांके और धुर्वा डैम में जुटती है. यहां पर केबलिंग नहीं रहने के कारण हर वक्त दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी. पूजा के दौरान 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो, इसकी भी समुचित व्यवस्था कर ली गयी है.
19 अस्थायी छठ घाट बनाये गये : छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रांची नगर निगम द्वारा शहर में 19 जगहों पर अस्थायी छठ घाट बनाये गये.
स्थानीय लोगों ने हुंडरू तालाब की सफाई की
हुंडरू तालाब की बदहाल हालत से क्षुब्ध होकर गुरुवार को स्थानीय लोगों ने तालाब में सफाई अभियान चलाया. स्थानीय लोगों का कहना था कि दो साल पहले इस तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास मेयर आशा लकड़ा ने किया था, लेकिन आज भी तालाब बदहाल है. इस कारण लोगों को काफी परेशानी होती है. लोगों ने गुरुवार को तालाब की सफाई की. लोगों ने व्रतियों से अपील की है कि वे पानी में उतरते समय गहराई का ध्यान रखें.
बड़ा तालाब के आधे हिस्से में नहीं होगा छठ
नगर निगम की लापरवाही के कारण बड़ा तालाब के आधे हिस्से में इस बार छठ व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य नहीं दे पायेंगे. क्योंकि, तालाब का आधा हिस्सा पूरी तरह जलकुंभी से पटा है. हालांकि निगम ने मजदूर लगाकर यहां से जलकुंभी निकालने का काम शुरू किया, लेकिन वह नाकाफी था. गुरुवार को नगर विकास मंत्री यहां तालाब का जायजा लेने पहुंचे. तालाब की बदहाली देख कर उन्होंने निगम के अधिकारियों को तेज गति से तालाबों की सफाई करने का निर्देश दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >