रांची : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारी में पार्टी जुट गयी है. संगठन को दुरुस्त करते हुए एक-एक मतदाताओं तक पार्टी की पहुंच हो, इसके लिए प्रयास चल रहा है. प्रथम चरण में जिलाध्यक्षों की बैठक कर जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया.
लोकसभा चुनाव में बनायी गयी बूथ कमेटियों की समीक्षा की गयी. अब प्रमंडल स्तर पर पार्टी रैली करेगी. लातेहार में 17 अक्तूबर को, बोकारो में 21 को, जामताड़ा में 22 और चाईबासा में 23 अक्तूबर को रैली होगी. डॉ उरांव गुरुवार को कांग्रेस भवन में आयोजित दशहरा मिलन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुटता के साथ चुनावी मुकाबला के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमारा परिवार है. मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, गीताश्री उरांव, रोशन लाल भाटिया, राणा संग्राम सिंह, अनादि ब्रह्म, पीडी शर्मा, वीपी शरण, केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर, मानस सिन्हा, संजय लाल पासवान, आलोक कुमार, राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोर नाथ शाहदेव, आभा सिन्हा आदि मौजूद थे.
