एचइसी में सदस्यता सत्यापन चुनाव स्थगित करने का मामला
रांची : एचइसी की यूनियनों के सदस्यता सत्यापन चुनाव स्थगित करने व चुनाव की तिथि घोषणा होने के बाद दो यूनियनों का और निबंधन करने को लेकर प्रबंधन कोर्ट जाने की तैयारी में है. इधर, एचइसी के श्रमिक संघों ने सवाल उठाया है कि जब चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गयी और आचार संहिता लग गयी, तो चुनाव स्थगित क्यों किया गया? एचइसी में बीएमएस की यूनियन नहीं थी, तो उनके आग्रह पर निबंधक ने चुनाव कैसे स्थगित किया.
हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री राणा संग्राम सिंह ने कहा कि बिना किसी ठोस आधार के यूनियनों का सदस्यता सत्यापन चुनाव रोकने के पीछे राजनीतिक साजिश की गयी है. वहीं, हटिया कामगार यूनियन के अध्यक्ष लालदेव सिंह ने कहा कि वर्तमान में एचइसी में कामगारों की संख्या 714 है तथा यूनियनों की संख्या छह है.
श्रम विभाग को लगा कि यूनियनों की सदस्य संख्या निर्धारित मापदंड से कम है, इसलिए सदस्यता सत्यापन कराने का निर्णय लिया. लेकिन जब यूनियनों की संख्या बढ़ाकर आठ हो गयी, तो यूनियनों के सदस्यों की संख्या निर्धारित मापदंड से और कम हो गयी है. ऐसे में सदस्यता सत्यापन करना और जरूरी हो गया है. लेकिन उलटे श्रम विभाग ने सदस्यता सत्यापन को स्थगित कर दिया.
