राज्यपाल व सीएम ने की राष्ट्रपति की अगवानी

रांची : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार को सेना के विशेष विमान से शनिवार की शाम रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट 5:10 बजे पहुंचे. वहां पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, रांची की मेयर आशा लकड़ा, मुख्य सचिव डीके तिवारी, डीजीपी केएन चौबे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील बर्णवाल, डीसी राय महिमापत रे, एसएसपी अनीश […]

रांची : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार को सेना के विशेष विमान से शनिवार की शाम रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट 5:10 बजे पहुंचे. वहां पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, रांची की मेयर आशा लकड़ा, मुख्य सचिव डीके तिवारी, डीजीपी केएन चौबे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील बर्णवाल, डीसी राय महिमापत रे, एसएसपी अनीश गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया. रिमझिम बारिश के बीच बुलेट प्रूफ गाड़ी से राष्ट्रपति पत्नी सविता कोविंद के साथ एयरपोर्ट के वीवीआइपी गेट से शाम 5:20 बजे निकले.

इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों का हाथ हीला अभिवादन किया. राष्ट्रपति का स्वागत करने वालों में भाजपा के संगठन मंत्री धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, सुबोध सिंह गुड्डू, आदित्य साहू आदि शामिल थे. राष्ट्रपति का काफिला रांची एयरपोर्ट से हिनू चौक, बिरसा चौक, एसइसी गेट, सेल सिटी चौक, अरगोड़ा चौक, हरमू चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज, रातू रोड चौराहा होते हुए शाम 5:30 बजे राजभवन पहुंचे.
राष्ट्रपति के काफिले के सबसे आगे बुलेट पर सवार सेना के जवान चल रहे थे. कारकेड में करीब दो दर्जन गाड़ियां थीं. इसमें राष्ट्रपति के रिजर्व वाहन के अलावा जैमर वाहन, एंबुलेंस, दमकल आदि की गाड़ियां थीं. राष्ट्रपति के विमान का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंडिंग टाइम शाम 4:55 बजे निर्धारित था. लेकिन, विमान 15 मिनट विलंब से शाम 05:10 बजे एयरपोर्ट पर लैंड किया.
बारिश के बीच सुरक्षा में डटे रहे जवान
राष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनजर लगातार हो रही बारिश के बावजूद रांची एयरपोर्ट रोड से लेकर राजभवन तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान मुस्तैदी से डटे थे. हर चौक-चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के जवान भी ड्यूटी पर तैनात थे. इस बीच विशेष परिस्थिति से निबटने के लिए एयरपोर्ट से राजभवन में बीच स्थित ऊंचे मकानों पर भी सुरक्षा बल के जवान मौजूद थे.
आधे घंटे तक सामान्य यातायात रहा बंद
रांची एयरपोर्ट से राष्ट्रपति का कारकेड निकलने से 10 मिनट पहले शाम पांच बजे से राजभवन पहुंचने तक शाम 05:30 बजे तक सामान्य यातायात ट्रैफिक पुलिस ने बंद रखा. हिनू चौक, बिरसा चौक होते हुए जब काफिला अरगोड़ा चौक तक पहुंचा तब हिनू चौक से सामान्य यातायात बिरसा चौक तक खोल दिया गया. इसी तरह आगे भी धीरे-धीरे सामान्य यातायात को बहाल किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >